अमृत टुडे, बिलासपुर छत्तीसगढ़ 26 अप्रैल 2026
बिलासपुर जिले के चकरभाठा थाना पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने नयापारा चौक के पास दबिश देकर सट्टा खिला रहे एक आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
विवरण: वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर जिले में अवैध जुआ-सट्टा के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चकरभाठा पुलिस को सूचना मिली कि कुछ लोग ‘क्रोमा गेट’ (Chroma Gate) एप के माध्यम से IPL मैचों पर सट्टा खिलवा रहे हैं।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नयापारा चौक के पास घेराबंदी की, जहाँ आरोपी दिनेश पंजवानी (33 वर्ष) स्कूटी पर बैठकर मोबाइल के जरिए सट्टा खिलाते पाया गया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अज्जू भकतानी और एक अन्य साथी के लिए सट्टा बुकिंग का काम कर रहा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक रेडमी मोबाइल और एक सफेद एक्टिवा स्कूटी (MH 36 T 6207) जब्त की है।
आरोपी के खिलाफ जुआ एक्ट की धारा 7(1) और बीएनएस की धारा 112 के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले में शामिल अज्जू भकतानी और अन्य साथी फिलहाल फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस जुटी है।




