• Tue. Nov 3rd, 2026
Spread the love

अमृत टुडे,जांजगीर-चांपा, छत्तीसगढ़

जांजगीर-चांपा के शासकीय टीसीएल स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने विद्यार्थियों को लोकतंत्र, कर्तव्य और राष्ट्र निर्माण के प्रति सक्रिय रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि युवा अपनी ऊर्जा, शिक्षा और कौशल से देश के भविष्य को नई दिशा दे सकते हैं।

विवरण : शासकीय टीसीएल स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में वित्त मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति और लोकतंत्र के मजबूत आधार स्तंभ हैं। उन्होंने कहा कि देश का भविष्य युवाओं की सोच, संकल्प और सक्रिय भागीदारी से तय होता है। विकसित भारत के निर्माण के लिए युवाओं को अपने अधिकारों के साथ कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक रहना होगा।

‘लोकतंत्र के लिए युवा’ विषय पर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि लोकतंत्र केवल शासन की व्यवस्था नहीं, बल्कि नागरिकों की सक्रिय सहभागिता से मजबूत होने वाली व्यवस्था है। उन्होंने विद्यार्थियों से लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान करने, सामाजिक समरसता बनाए रखने और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता के लिए केवल शैक्षणिक उपाधि पर्याप्त नहीं है। सीखने की इच्छा, अनुशासन, परिश्रम, आत्मविश्वास और लक्ष्य के प्रति समर्पण ही वास्तविक सफलता के आधार हैं। मंत्री ने अपने संघर्षपूर्ण विद्यार्थी जीवन के अनुभव साझा करते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियां व्यक्ति के संकल्प की परीक्षा लेती हैं, लेकिन मजबूत इच्छाशक्ति और निरंतर प्रयास से बड़ी उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं।
उन्होंने युवाओं से बदलते समय के अनुरूप नई तकनीकों और कौशल सीखने को कहा। उन्होंने बताया कि ज्ञान और कौशल जितना अधिक होगा, अवसर उतने ही अधिक खुलेंगे। कार्यक्रम में पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, पूर्व संसदीय सचिव अंबेश जांगड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष सत्यलता आनंद मिरी, महाविद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply