• Wed. Nov 4th, 2026
Spread the love

अमृत टुडे, रायपुर छत्तीसगढ़

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को विदेशी मदद से प्रधानमंत्री बनने के आरोप पर भारतीय जनता पार्टी सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कड़ा पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को जनता का स्पष्ट जनादेश और अटूट विश्वास प्राप्त है। इसी दौरान उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के रायपुर आगमन का स्वागत भी किया।

विवरण : कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के उस बयान पर भारतीय जनता पार्टी सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है, जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर विदेशी मदद से प्रधानमंत्री बनने और बने रहने का आरोप लगाया था। राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री को इस मुद्दे पर खुली बहस की चुनौती भी दी थी।

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश की जनता ने लगातार जनादेश देकर प्रधानमंत्री बनाया है। उन्होंने कहा कि जनता के विश्वास, विकास कार्यों और राष्ट्रहित की नीतियों के कारण प्रधानमंत्री की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है। उन्होंने राहुल गांधी के आरोप को बेबुनियाद और राजनीतिक रोष बताया।

उन्होंने कहा कि ऐसे बयान देश की लोकतांत्रिक मर्यादा और जनता के निर्णय को चुनौती देने जैसे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस जनता के सामने विकास के मुद्दों पर उत्तर नहीं दे पा रही, इसलिए वह विवादित बयानों का सहारा ले रही है।

इसी दौरान सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के रायपुर आगमन का स्वागत किया। अमित शाह 3 नवंबर को रायपुर आए, जहां उन्होंने एक निजी अस्पताल और विकसित भारत संकल्प पार्क का लोकार्पण किया। इसके बाद वे नवा रायपुर स्थित राज्योत्सव मैदान में छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

सांसद अग्रवाल ने कहा कि अमित शाह की उपस्थिति से छत्तीसगढ़ के विकास, सुरक्षा और राज्योत्सव के आयोजन को नई ऊर्जा मिलेगी। उन्होंने कहा कि राज्योत्सव छत्तीसगढ़ की संस्कृति, संघर्ष और उपलब्धियों की पहचान बनेगा।

Leave a Reply