• Tue. Nov 3rd, 2026
Spread the love

अमृत टुडे, धमतरी छत्तीसगढ़

धमतरी जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 की धान खरीदी को पारदर्शी और किसान हितैषी बनाने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने अधिकारियों को अवैध परिवहन, फर्जी पंजीयन और बिचौलियों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं।

विवरण : खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी को पारदर्शी, सुव्यवस्थित और किसान हितैषी बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर धान खरीदी की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि खरीदी प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर लापरवाही, मिलीभगत या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जिले में इस बार 96 सहकारी समितियों के माध्यम से 108 धान उपार्जन केंद्रों पर खरीदी होगी। पांच नई सहकारी समितियां पंजीकृत की गई हैं और आठ नए उपार्जन केंद्र स्थापित किए गए हैं। कलेक्टर ने सभी केंद्रों पर पर्याप्त कर्मचारी, हमाल तथा किसानों के लिए छाया, पेयजल और बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अवैध धान परिवहन, कोचियों और बिचौलियों पर रोक लगाने के लिए मुख्य मार्गों, बोरई सहित संवेदनशील स्थानों पर दो दिनों के भीतर कैमरे और जांच नाके स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं। अवैध परिवहन में पकड़े जाने पर वाहन और धान जब्त किया जाएगा। जब्त वाहनों को नियमानुसार तीन से चार माह बाद ही छोड़ा जाएगा।
कलेक्टर ने ग्राम पंचायतों से किसान पंजीयन का सत्यापन कराने को भी कहा। फर्जी दस्तावेज, दूसरे के नाम पर धान बेचने या अनियमितता में संलिप्तता पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों की जिम्मेदारी तय कर सख्त कार्रवाई होगी। टोकन व्यवस्था में छोटे और सीमांत किसानों को प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि उपार्जन केंद्रों पर भीड़ और अनावश्यक प्रतीक्षा न हो। प्रशासन का उद्देश्य वास्तविक किसानों को समयबद्ध और पारदर्शी लाभ दिलाना है।

Leave a Reply