अमृत टुडे, अंबिकापुर छत्तीसगढ़
21 मई 2026 । जिले में तकनीक आधारित सुशासन और आधुनिक कानून व्यवस्था को नई मजबूती देते हुए पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल ने कल अंबिकापुर पुलिस ग्राउंड में अत्याधुनिक ‘नेक्स्ट जेन सीजी डायल-112 सेवा’ तथा मोबाइल फॉरेंसिक वैन का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने 12 आधुनिक डायल-112 वाहनों एवं मोबाइल फॉरेंसिक वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। शुभारंभ अवसर पर लुण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज, महापौर मंजूषा भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह, आईजी दीपक झा, कलेक्टर अजीत वसंत, एसएसपी राजेश अग्रवाल, सीएसपी राहुल बंसल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लों सहित अन्य उपस्थित थे।

अग्रवाल ने कहा कि राज्य सरकार मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में तकनीक आधारित सुशासन और नागरिक सुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य कर रही है। ‘नेक्स्ट जेन सीजी डायल-112 सेवा’ और मोबाइल फॉरेंसिक वैन का शुभारंभ छत्तीसगढ़ में आधुनिक एवं त्वरित आपातकालीन सहायता व्यवस्था की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। ‘एक्के नंबर, सब्बो बर’ की भावना के साथ अब प्रदेशवासियों को पुलिस, मेडिकल, फायर और आपदा जैसी हर आपात स्थिति में एकीकृत एवं त्वरित सहायता उपलब्ध होगी। अत्याधुनिक तकनीकों से लैस यह व्यवस्था न केवल आपातकालीन सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाएगी, बल्कि आम जनता का सुरक्षा व्यवस्था पर विश्वास और मजबूत करेगी।
मंत्री अग्रवाल ने आगे कहा कि मोबाइल फॉरेंसिक वैन के माध्यम से घटनास्थल पर ही वैज्ञानिक जांच संभव हो सकेगी, जिससे अपराध अनुसंधान की गुणवत्ता और गति दोनों में सुधार आएगा तथा साक्ष्य आधारित न्याय प्रणाली को मजबूती मिलेगी। यह सेवा प्रदेश में पारदर्शी, समयबद्ध और विश्वसनीय जांच व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी। ज्ञातव्य है कि देश में आपातकालीन सेवाओं को और अधिक आधुनिक, त्वरित एवं नागरिक केंद्रित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा 18 मई को ‘नेक्स्ट जेन सीजी डायल-112 इंटीग्रेटेड इमरजेंसी रिस्पॉन्स सपोर्ट सिस्टम का शुभारंभ किया गया था। इसी कड़ी में आज जिलों में इस उन्नत सेवा को प्रारंभ किया गया।

एक ही नंबर पर हर आपात स्थिति में त्वरित सहायता
‘एक्के नंबर, सब्बो बर’ थीम पर आधारित यह आधुनिक सेवा पुलिस, अग्निशमन और चिकित्सा सेवाओं को एकीकृत करते हुए नागरिकों को एक ही नंबर पर त्वरित सहायता उपलब्ध कराएगी। अब प्रदेशवासियों को पुलिस सहायता, मेडिकल इमरजेंसी, आगजनी, सड़क दुर्घटना, महिला सुरक्षा, चाइल्ड हेल्पलाइन, आपदा प्रबंधन और हाईवे इमरजेंसी जैसी सेवाएं एकीकृत मंच पर उपलब्ध होंगी।
इस सेवा के अंतर्गत प्रदेश में शुरू किए गए 400 अत्याधुनिक वाहनों में स्मार्टफोन, जीपीएस, वायरलेस रेडियो, पीटीजेड कैमरा, डैश कैम, मोबाइल एनवीआर तथा सोलर बैकअप जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। इन तकनीकों की सहायता से घटनास्थल की लाइव मॉनिटरिंग, रियल-टाइम ट्रैकिंग और त्वरित संचार सुनिश्चित किया जा सकेगा।



