• Tue. Jul 21st, 2026
Spread the love

अमृत टुडे, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी छत्तीसगढ़

10 जून 2026। जीवन में कुछ छोटे दिखने वाले सहारे किसी व्यक्ति के लिए बड़े बदलाव का कारण बन जाते हैं। मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के ग्राम पद्दा टोला निवासी 35 वर्षीय पुरोचन साहू की कहानी ऐसे ही बदलाव की मिसाल है। 75 प्रतिशत दिव्यांगता के बावजूद उन्होंने कभी हार नहीं मानी और मेहनत के बल पर अपना जीवनयापन किया, लेकिन आवागमन की कठिनाइयां उनके सपनों के रास्ते में बड़ी बाधा बनी हुई थीं।

पुरोचन गर्मी में गांव-गांव जाकर आइसक्रीम बेचते हैं और अन्य मौसम में ब्रेड बेचकर परिवार की जिम्मेदारियां निभाते हैं। सीमित संसाधनों और शारीरिक चुनौतियों के बीच रोजाना कई किलोमीटर की दूरी तय करना उनके लिए बेहद कठिन था। कई बार केवल आने‑जाने की परेशानी के कारण वे उन स्थानों तक नहीं पहुंच पाते थे, जहां उन्हें बेहतर व्यापार और अधिक आय की संभावना मिल सकती थी।
सुशासन तिहार 2026 के दौरान जब उनकी समस्या समाज कल्याण विभाग के संज्ञान में आई, तब उन्हें बैटरी चलित ट्राइसाइकिल प्रदान की गई। यह ट्राइसाइकिल उनके लिए केवल एक वाहन नहीं, बल्कि स्वतंत्रता और सम्मान का नया माध्यम बन गई। अब वे बिना किसी की सहायता के आसानी से विभिन्न गांवों और बाजारों तक पहुंच रहे हैं। इससे न केवल उनके व्यवसाय का दायरा बढ़ा है, बल्कि उनकी आमदनी में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

पुरोचन बताते हैं कि पहले एक जगह से दूसरी जगह जाने में बहुत परेशानी होती थी। कई बार थकान और असुविधा के कारण काम भी प्रभावित हो जाता था। बैटरी चलित ट्राइसाइकिल मिलने के बाद उनकी जिंदगी काफी आसान हो गई है। अब वे आत्मविश्वास के साथ अपना व्यवसाय कर रहे हैं और पहले से ज्यादा कमाई कर पा रहे हैं। सबसे बड़ी बात यह है कि अब उन्हें छोटी‑छोटी जरूरतों के लिए दूसरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ता। उनकी आँखों में आज भविष्य के लिए नई उम्मीदें हैं। जो रास्ते पहले कठिन और दूर लगते थे, वे अब उनके लिए अवसरों की नई मंजिल बन चुके हैं। यह सहायता उन्हें केवल गतिशीलता ही नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता, सम्मान और आत्मविश्वास भी प्रदान कर रही है।

पुरोचन ने जिला प्रशासन, समाज कल्याण विभाग और सुशासन तिहार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासन की यह पहल दिव्यांगजनों के जीवन में वास्तविक परिवर्तन ला रही है। उनकी कहानी इस बात का जीवंत उदाहरण है कि संवेदनशील शासन और समय पर मिली सहायता किसी व्यक्ति के जीवन को नई दिशा देने की क्षमता रखती है।

Leave a Reply