अमृत टुडे, जीपीएम, छत्तीसगढ़
15 अगस्त 2026 । पेंड्रारोड स्थित गुरुकुल खेल मैदान में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्ष, उल्लास और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। मुख्य अतिथि विधायक धर्मजीत सिंह ने ध्वजारोहण किया, परेड की सलामी ली और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के संदेश का वाचन किया। समारोह में शहीद परिवार का सम्मान, साइबर जागृति अभियान का शुभारंभ और सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ विशेष आकर्षण रहीं।

विवरण: जीपीएम जिले में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह गरिमामय और देशभक्ति से ओतप्रोत वातावरण में मनाया गया। पेंड्रारोड स्थित गुरुकुल खेल मैदान में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में तखतपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक धर्मजीत सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान हुआ और तिरंगे गुब्बारों को आकाश में छोड़ा गया। उन्होंने परेड का निरीक्षण कर सलामी ली तथा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के जनता के नाम संदेश का वाचन किया।समारोह में 10 टुकड़ियों ने अनुशासित और सधे कदमों से आकर्षक मार्च पास्ट किया।
शहीद स्वर्गीय शिव नारायण सिंह बघेल के परिवार को सम्मानित कर उनके बलिदान को नमन किया गया। इस अवसर पर साइबर जागृति अभियान का शुभारंभ भी हुआ, जिसका उद्देश्य नागरिकों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है। विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए 49 व्यक्तियों और संस्थाओं को सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों की देशभक्ति आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह को और प्रभावशाली बना दिया।




