• Wed. Aug 19th, 2026
Spread the love

अमृत टुडे, महासमुंद छत्तीसगढ़

17 अगस्त 2026 । भलेसर रोड स्थित वैद्य फूड में राजस्व, खाद्य एवं औषधि प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने देर रात दबिश दी। एनालॉग पनीर के निर्माण और विक्रय पर प्रतिबंध के उल्लंघन की आशंका के बीच करीब तीन घंटे तक जांच चली। कार्रवाई में लगभग 200 किलो पनीर जब्त किया गया।

विवरण: महासमुंद के भलेसर रोड स्थित वैद्य फूड में बीती देर रात लगभग 12 बजे राजस्व, खाद्य एवं औषधि प्रशासन और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने दबिश दी। टीम ने लगभग तीन घंटे तक संस्थान की जांच की। जांच के दौरान मध्यरात्रि में पनीर निर्माण की स्थिति सामने आई, जिस पर गुणवत्ता और निर्माण में प्रयुक्त सामग्री को लेकर संदेह उत्पन्न हुआ।
कार्रवाई में लगभग 200 किलोग्राम पनीर जब्त किया गया। अधिकारियों ने मौके पर उपलब्ध खाद्य सामग्री और निर्माण प्रक्रिया से संबंधित जानकारी भी संकलित की। आज सुबह सील किए गए कोल्ड स्टोरेज को खोलकर खाद्य सामग्री की जांच की गई और पनीर का नमूना लेकर राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, रायपुर भेजा गया।
अभिहित अधिकारी उमेश कुमार ने बताया कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा नियमों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं की सुरक्षा और खाद्य गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

Leave a Reply