*इन्फ्लुएंसर्स को साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी और सोशल मीडिया सुरक्षा पर जागरूकता कंटेंट बनाने के लिए प्रेरित किया गया*
*पुलिस ने तथ्यात्मक फोटो-वीडियो, रील्स और डिजिटल कंटेंट से साइबर सुरक्षा संदेश फैलाने की अपील की*
अमृत टुडे दुर्ग छत्तीसगढ़ : दुर्ग पुलिस ने साइबर जागृति अभियान के तहत लगभग 35 से 40 सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और कंटेंट क्रिएटर्स की बैठक ली। बैठक में साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी और सोशल मीडिया सुरक्षा पर जानकारी दी गई। इन्फ्लुएंसर्स से जागरूकता बढ़ाने वाले तथ्यात्मक कंटेंट बनाकर अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का आग्रह किया गया।
विवरण : छत्तीसगढ़ पुलिस के साइबर जागृति अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए दुर्ग पुलिस ने जिले के सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और कंटेंट क्रिएटर्स की बैठक आयोजित की। बैठक में लगभग 35 से 40 इन्फ्लुएंसर्स शामिल हुए और उन्होंने साइबर जागरूकता से जुड़े संदेशों को आगे बढ़ाने की इच्छा जताई। पुलिस अधिकारियों ने उन्हें ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, सोशल मीडिया सुरक्षा, ओटीपी और बैंकिंग गोपनीय जानकारी साझा न करने जैसे विषयों पर जानकारी दी। इन्फ्लुएंसर्स से कहा गया कि वे फोटो, वीडियो, रील्स और अन्य डिजिटल कंटेंट के माध्यम से साइबर सुरक्षा संदेशों को सरल भाषा में लोगों तक पहुंचाएं। बैठक में यह भी बताया गया कि साइबर अपराध के प्रति व्यापक जागरूकता फैलाने वाले कंटेंट क्रिएटर्स को पुलिस द्वारा सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम का संचालन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और साइबर जागृति अभियान के नोडल अधिकारी मणिशंकर चंद्रा तथा सहायक नोडल अधिकारी सब इंस्पेक्टर डॉ. संकल्प राय ने किया।




