आईसीएआर-एनआईबीएसएम ने एससीएसपी के तहत किसानों को 140 पावर स्प्रेयर और सोलर पैनल सेट वितरित किए
:160 किसानों और महिला किसानों को मिला लाभ, फसल विविधीकरण और जल संरक्षण पर भी दिया गया जोर
संस्थान ने धान की फसल में कीट-रोग प्रबंधन और आईपीएम अपनाने की सलाह दी

अमृत टुडे रायपुर छत्तीसगढ़ :रायपुर स्थित आईसीएआर-एनआईबीएसएम ने अनुसूचित जाति उपयोजना के तहत 140 बैटरी चालित पावर स्प्रेयर और तीन सोलर पैनल सेट किसानों व महिला किसानों को वितरित किए। कार्यक्रम में 160 किसानों ने भाग लिया। निदेशक डॉ. पी.के. राय ने जल संरक्षण, फसल विविधीकरण और सतत कृषि पर जोर दिया।
भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद–राष्ट्रीय जैविक तनाव प्रबंधन संस्थान, रायपुर ने अनुसूचित जाति उपयोजना के तहत किसानों और महिला किसानों को 140 बैटरी चालित पावर स्प्रेयर तथा तीन सोलर पैनल सेट वितरित किए। इस कार्यक्रम का उद्देश्य कृषि यंत्रीकरण को बढ़ावा देना, श्रम और परिश्रम कम करना तथा टिकाऊ खेती को प्रोत्साहित करना है। मुर्रा, बेतिया, देवगांव, अडसेना और बेलतुकरी गांवों के 160 किसान एवं महिला किसान कार्यक्रम में शामिल हुए। निदेशक डॉ. पी.के. राय ने किसानों को बारिश के मौसम में जल संरक्षण और संचयन पर ध्यान देने की सलाह दी। उन्होंने रबी फसल उत्पादन के लिए संग्रहीत वर्षा जल के विवेकपूर्ण उपयोग और फसल विविधीकरण की आवश्यकता बताई। संयुक्त निदेशक डॉ. पंकज शर्मा ने धान की फसल की नियमित निगरानी, पीला तना छेदक, लीफ फोल्डर और बैक्टीरियल लीफ ब्लाइट जैसे रोगों के शुरुआती प्रबंधन पर जोर दिया।




