• Wed. Sep 2nd, 2026
Spread the love

त्यौहारों को शांतिपूर्ण संपन्न कराने पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर पूरी तरह तैनात

असामाजिक तत्वों को स्पष्ट संदेश कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर होगी कड़ी कार्यवाही

अमृत टुडे, धमतरी छत्तीसगढ़

01 सितम्बर 2026। धमतरी में आगामी जन्माष्टमी और गणेशोत्सव को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर है। कलेक्टर अबिनास मिश्रा और पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के नेतृत्व में शहर के प्रमुख मार्गों पर फ्लैग मार्च निकाला गया। असामाजिक तत्वों को कानून का पालन करने का स्पष्ट संदेश दिया गया।

विवरण: धमतरी जिला मुख्यालय में आगामी जन्माष्टमी एवं गणेशोत्सव को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने तथा कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से मंगलवार को फ्लैग मार्च निकाला गया। यह फ्लैग मार्च कलेक्टर अबिनास मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के नेतृत्व में गांधी मैदान से प्रारंभ हुआ।

फ्लैग मार्च शहर के प्रमुख चौराहों लक्ष्मी निवास, अंबेडकर चौक, रत्नाबांधा, मकई चौक, सदर बाजार, विंध्यवासिनी मंदिर, सिहावा चौक, अर्जुनी चौक, भखारा रोड बाईपास, मुजगहन, लोहरसी होते हुए रत्नाबांधा रोड में संपन्न हुआ। फ्लैग मार्च के माध्यम से जिला प्रशासन एवं पुलिस ने आमजन को सुरक्षा का भरोसा तथा असामाजिक तत्वों को कानून का सख्ती से पालन करने का स्पष्ट संदेश दिया।

कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि त्यौहारों के दौरान अड्डेबाजी, गुंडागर्दी, शराबखोरी, सार्वजनिक स्थानों पर उपद्रव, छेड़छाड़, मारपीट, हुड़दंग एवं अन्य असामाजिक गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसी गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों, उपद्रवी तत्वों एवं पूर्व में आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

सभी थाना क्षेत्रों में पेट्रोलिंग, नाकाबंदी एवं सघन चेकिंग की जा रही है। प्रमुख मार्गों एवं प्रवेश-निकास मार्गों पर पुलिस बल तैनात कर वाहनों की रैंडम चेकिंग की जा रही है। सीसीटीवी निगरानी, बैरिकेडिंग, रैंडम चेकिंग, पैदल पेट्रोलिंग एवं मोबाइल पेट्रोलिंग को बढ़ाया गया है। भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों एवं संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।

कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे त्यौहारों को शांति, सौहार्द, भाईचारे एवं आपसी सहयोग के साथ मनाएं। किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर भ्रामक अथवा आपत्तिजनक सामग्री साझा करने से बचें। यदि किसी व्यक्ति को कोई संदिग्ध व्यक्ति, वाहन अथवा गतिविधि दिखाई देती है, तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस हेल्पलाइन 100, 112 या धमतरी पुलिस कंट्रोल रूम 94791-92299 पर दें।

फ्लैग मार्च के दौरान डीएफओ कृष्ण जाधव, एएसपी डी सी पटेल, एएसपी शैलेन्द्र कुमार पांडेय, संयुक्त कलेक्टर इंदिरा देहारी, सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी, एसडीएम पियुष तिवारी, डीएसपी भानूप्रताप चंद्राकर, डीएसपी यशकरण दीप ध्रुव, तहसीलदार कुश प्रधान, रक्षित निरीक्षक, समस्त थाना प्रभारी, यातायात प्रभारी सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल, डीआरजी एवं यातायात पुलिस के जवान उपस्थित रहे।

Leave a Reply