• Sat. Sep 5th, 2026
Spread the love

अमृत टुडे, रायगढ़ छत्तीसगढ़

04 सितम्बर 2026 । वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने रायगढ़ में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पर्व पर शुभकामनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने कहा कि रायगढ़ संस्कारों, संस्कृति और मूल्यों की राजधानी है। यहां सनातन परंपरा और आध्यात्मिक विषयों को बहुत शानदार तरीके से मनाया जाता है। शहर में पचासों जगह भंडारे लगे हुए हैं और लोग समाज सेवा की भावना के साथ जुड़ रहे हैं।

विवरण : वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने रायगढ़ में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पर्व पर शुभकामनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने कहा कि हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की! आज जन्माष्टमी का पर्व रायगढ़ में बहुत उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। रायगढ़ संस्कारों की, संस्कृति की और मूल्यों की राजधानी है। यहां पर बहुत शानदार तरीके से किसी भी पर्व-उत्सव को, सनातन परंपरा को, आध्यात्मिक विषयों को मनाया जाता है और लोग समाज सेवा की भावना के साथ, लोगों से जुड़ने की भावना के साथ, एक बड़े हृदय के साथ सामने आते हैं। आज देख रहे हैं कि शहर में पचासों जगह भंडारे लगे हुए हैं और अलग-अलग एसोसिएशन, अलग-अलग समाज, सब लोग आज भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को मना रहे हैं। इस अवसर पर सभी को बहुत-बहुत बधाई और शुभकामना देता हूं और भगवान श्रीकृष्ण से आशीर्वाद मांगता हूं कि हम सबको ऊर्जा और क्षमता दें कि हम लोग रायगढ़ की बेहतरी के लिए काम कर सकें।

रायगढ़ में इस्कॉन प्रचार केंद्र द्वारा 4 से 6 सितंबर तक तीन दिवसीय श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महामहोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। महोत्सव का मुख्य आकर्षण 6 सितंबर को होने वाला सार्वजनिक कार्यक्रम होगा, जिसमें करीब 10 हजार श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है। ओडिशा सहित प्रदेश के विभिन्न हिस्सों और देश के अन्य राज्यों से भक्त रायगढ़ पहुंचेंगे। 4 सितंबर को सुबह 10 बजे से बच्चों के लिए भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं पर चित्रकला, निबंध, रंगोली, क्राफ्ट मेकिंग और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं होंगी। शाम 5 बजे से हरिनाम संकीर्तन और विशेष पूजन के साथ जन्माष्टमी का उत्सव शुरू होगा। 5 सितंबर को नंदोत्सव के साथ इस्कॉन के संस्थापक आचार्य श्रील प्रभुपाद जी की व्यास पूजा होगी। 6 सितंबर को दोपहर 3:30 बजे से अंश होटल के हाल में मुख्य सार्वजनिक महोत्सव होगा। बाल महोत्सव, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, नाट्य मंचन, भजन संध्या, हरिनाम संकीर्तन और पुरस्कार वितरण के साथ भगवान श्रीकृष्ण का विशेष महाभिषेक एवं महाआरती होगी। श्रद्धालुओं के लिए शाम 7:30 से महाप्रसाद की व्यवस्था अनवरत रहेगी।

Leave a Reply

You Missed