अमृत टुडे, रायपुर छत्तीसगढ़
04 सितम्बर 2026 । स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस सदैव से विकास मानसिकता की नहीं रही है, इसलिए इनको विकास नहीं दिखेगा। उन्होंने कहा कि बस्तर में सड़कों का जाल बिछ रहा है और विकास कार्य जमीन पर नजर आ रहे हैं। स्वाइन फ्लू और कोरोना के लिए जांच किट और दवाइयां पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं।
विवरण : स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस सदैव से विकास मानसिकता की नहीं रही है, इसलिए इनको विकास नहीं दिखेगा। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज बस्तर में पुल-पुलियों का निरीक्षण कर भाजपा सरकार के विकास कार्यों पर सवाल उठा रहे हैं। जायसवाल ने कहा कि बैज खुद पिछली सरकार में थे, प्रदेश अध्यक्ष रहे हैं। पिछले पांच सालों में वो क्या किए, उसका कोई विकास देख लें। हमारे ढाई सालों में जिस प्रकार से सड़कों के जाल बिछ रहा है, विकास हो रहा है। लगातार माइनॉरिटी और पीवीटीजी जैसे विहीन क्षेत्रों तक विकास पहुंच रहा है।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ का पीडीएस सिस्टम देश में पहले नंबर पर है। अगर कहीं भी ऐसी स्थिति बनती है तो स्थानीय अधिकारी उसका समाधान कर लेंगे। स्वाइन फ्लू और कोरोना को लेकर सरकार लगातार मॉनिटरिंग कर रही है। स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर है। जांच किट और जरूरी सामग्री पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। सभी जिलों में दवाइयां उपलब्ध हैं और स्वास्थ्य अमला सतर्क है। सरकार पर 1.79 लाख करोड़ रुपये का कर्ज होने के कांग्रेस के आरोप पर मंत्री ने कहा कि आजादी के बाद ऐसी कौन सी सरकार है जिसने कर्ज नहीं लिया। कोई भी सरकार बिना कर्ज के नहीं चलती। उन्होंने कांग्रेस शासित राज्यों पर निशाना साधते हुए कहा कि वहां सैलरी देने तक के लिए पैसे नहीं हैं और उन्हें कर्ज भी नहीं मिल रहा। कांग्रेस के चीनी सत्याग्रह को लेकर श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि कांग्रेस मुद्दाविहीन राजनीति कर रही है। इंदिरा गांधी और राजीव गांधी के समय भी शक्कर के दाम बढ़े थे। गन्ने का उत्पादन कम और मांग ज्यादा होने पर कीमतें बढ़ती हैं।




