अमृत टुडे, रायपुर छत्तीसगढ़
07 सितंबर 2026 । छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष ममता साहू ने कहा है कि आयोग महिलाओं के हितों की रक्षा, उनके अधिकारों का संरक्षण और पीड़ित महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। आयोग का प्रयास रहेगा कि किसी भी पीड़ित महिला को न्याय के लिए भटकना न पड़े और उसके प्रकरण का शीघ्र से शीघ्र पारदर्शी तरीके से निराकरण हो। जिला स्तर पर जनसुनवाई आयोजित की जाएगी।
विवरण : छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष ममता साहू ने कहा है कि सबसे पहले तो मैं प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव और केंद्रीय नेतृत्व का बहुत-बहुत आभार और धन्यवाद व्यक्त करती हूँ कि उन्होंने मुझे छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग के अध्यक्ष के रूप में यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। पार्टी ने जो विश्वास मुझ पर जताया है, उस पर खरा उतरने का मैं पूरा प्रयास करूँगी। छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग का मुख्य उद्देश्य प्रदेश की महिलाओं के हितों की रक्षा करना, उनके अधिकारों का संरक्षण करना और पीड़ित महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाना है।
आयोग का प्रयास रहेगा कि किसी भी पीड़ित महिला को न्याय के लिए भटकना न पड़े और उसके प्रकरण का शीघ्र से शीघ्र पारदर्शी तरीके से निराकरण हो। दूर-दराज और ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाली महिलाओं को रायपुर तक न आना पड़े, इसके लिए आयोग जिला स्तर पर जाकर जनसुनवाई आयोजित करेगा। जो पुराने लंबित मामले हैं, उन्हें प्राथमिकताओं के आधार पर तेजी से सुलझाया जाएगा, ताकि महिलाओं को त्वरित और सुलभ न्याय मिल सके। महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों, घरेलू हिंसा से संरक्षण, कार्यस्थल पर उत्पीड़न और साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने के लिए स्कूल, कॉलेज और ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष जागरूकता शिविर आयोजित किए जाएंगे। जब महिलाएं अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होंगी, तभी वे स्वयं को सुरक्षित और सशक्त महसूस करेंगी। महिलाओं से संबंधित मामलों में त्वरित कार्रवाई के लिए पुलिस विभाग और स्थानीय प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय बनाकर काम किया जाएगा, ताकि दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो सके और पीड़िता को समय पर सहायता मिल सके।




