Amrit Today, Raipur Chhattisgarh
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग में जहां भी अव्यवस्था या लापरवाही की शिकायतें सामने आ रही हैं, उस पर तत्काल संज्ञान लिया गया है। व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त किया जा रहा है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों को बेहतर सुविधाएं मिलें, यह सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
विवरण :: स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि निश्चित रूप से स्वास्थ्य विभाग में जो भी व्यवस्थाएं हैं, चाहे वह जिला अस्पताल हो, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हो या प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हो, मरीजों को बेहतर से बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलें, यह हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जहां भी अव्यवस्था या लापरवाही की शिकायतें सामने आ रही हैं, उस पर हमने तत्काल संज्ञान लिया है। व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त किया जा रहा है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पिछले पांच वर्षों में पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई थी।
अस्पतालों में जरूरी दवाइयों की कमी थी, मशीनें धूल खा रही थीं और बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितताएं की गईं। हमारी सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में इन सभी मामलों की पारदर्शी जांच कराई जा रही है। जनता के पैसे का दुरुपयोग करने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। अस्पतालों में डॉक्टरों और चिकित्सा कर्मियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए सख्त निर्देश जारी किए गए हैं। बायोमेट्रिक अटेंडेंस और औचक निरीक्षण के जरिए लगातार निगरानी रखी जा रही है। जो भी डॉक्टर या स्टाफ बिना पूर्व सूचना के अपनी ड्यूटी से नदारद पाए जाएंगे, उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। हमारी सरकार का मुख्य उद्देश्य है कि प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक और गरीब से गरीब मरीज को निःशुल्क व गुणवत्तापूर्ण उपचार मिले। आयुष्मान भारत योजना के तहत हितग्राहियों को पूरा लाभ दिलाया जा रहा है।




