• Fri. Sep 11th, 2026
Spread the love

Amrit Today, Raipur Chhattisgarh

पर्यावरण संरक्षण में जनभागीदारी बढ़ाने और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का संदेश देने के उद्देश्य से केंद्रीय ग्रामीण विकास, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान तथा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सक्ती जिले के ग्राम जेठा स्थित महाविद्यालय मैदान में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत पौधरोपण किया।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कदम और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बादाम का पौधा लगाया। इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने हरियाली विस्तार तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान मातृ सम्मान की भावना को प्रकृति संरक्षण के संकल्प से जोड़ता है। अभियान के माध्यम से नागरिकों को अपनी मां की स्मृति और सम्मान में पौधा लगाने के साथ उसकी नियमित देखभाल तथा संरक्षण के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
यह पहल पर्यावरण संरक्षण को केवल सरकारी प्रयासों तक सीमित न रखते हुए जनभागीदारी का व्यापक रूप देने का संदेश देती है। अधिकाधिक नागरिकों की सहभागिता से हरियाली बढ़ाने, पर्यावरण संतुलन बनाए रखने और भावी पीढ़ियों के लिए स्वच्छ तथा सुरक्षित पर्यावरण निर्मित करने का लक्ष्य रखा गया है।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, जिले के प्रभारी मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, जांजगीर-चांपा सांसद कमलेश जांगड़े, बिलासपुर संभागायुक्त सुनील जैन, विकसित भारत ग्रामीण रोजगार योजना के आयुक्त तारण प्रकाश सिन्हा, कलेक्टर जयश्री जैन, पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी वासु जैन सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply