Amrit Today, Bhilai Chhattisgarh
दुर्ग पुलिस ने साइबर जागृति अभियान के तहत जिले के 159 उद्यान, पार्क एवं मैदानों में जाकर मॉर्निंग वॉक करने वाले नागरिकों को साइबर सुरक्षा की जानकारी दी। पुलिस टीमों ने ऑनलाइन ठगी, संदिग्ध कॉल, ओटीपी और पासवर्ड साझा न करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर नागरिकों को जागरूक किया। 15 अगस्त से 02 अक्टूबर तक चलने वाले इस अभियान में सभी पुलिस अधिकारी और कर्मचारी सक्रिय रूप से शामिल हुए।
विवरण: दुर्ग जिले में 15 अगस्त से 02 अक्टूबर 2026 तक चलाए जा रहे साइबर जागृति अभियान के तहत दिनांक 24 सितंबर 2026 को 159 उद्यान, पार्क एवं मैदानों में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा व्यापक साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान को प्रभावी रूप से आमजन तक पहुंचाने के लिए सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी, प्रशिक्षु उप निरीक्षक तथा विभिन्न थाना एवं पुलिस इकाइयों में पदस्थ अधिकारी-कर्मचारियों को अभियान में लगाया गया। पुलिस टीमों द्वारा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित 159 उद्यान, पार्क एवं मैदानों में जाकर मॉर्निंग वॉक करने वाले नागरिकों से प्रत्यक्ष संवाद किया गया।

पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा नागरिकों को साइबर अपराध एवं ऑनलाइन ठगी से बचाव, संदिग्ध कॉल एवं लिंक से सावधानी, ओटीपी, पिन, पासवर्ड एवं अन्य गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने तथा सुरक्षित डिजिटल लेन-देन के संबंध में जानकारी दी गई। वरिष्ठ नागरिकों, युवाओं तथा विभिन्न सामाजिक एवं नागरिक समूहों को भी साइबर अपराधों की रोकथाम में सतर्कता एवं जागरूकता के महत्व से अवगत कराया गया। दुर्ग जिले में अभियान को व्यापक स्वरूप देते हुए पुलिस द्वारा पुलिस कार्यालय एवं थाना स्तर से निकलकर सीधे नागरिकों के बीच पहुंचकर साइबर सुरक्षा का संदेश दिया गया। अभियान के दौरान विभिन्न नागरिक समूहों एवं आमजन द्वारा पुलिस की इस पहल का स्वागत किया गया तथा साइबर जागरूकता के लिए पुलिस को धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि साइबर अपराध से बचाव के लिए स्वयं जागरूक रहें और अपने परिवार एवं परिचितों को भी जागरूक करें। किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, पिन, पासवर्ड या बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करें। संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि अथवा साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें।




