Amrit Today, Raipur Chhattisgarh
छत्तीसगढ़ बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा ने बालोद के आदिवासी कन्या छात्रावास का औचक निरीक्षण किया। छात्राओं से संवाद कर शिक्षा पर जोर दिया। बच्चियों ने ट्यूशन शिक्षक, कंप्यूटर और लाइब्रेरी की मांग की। स्वच्छता, सुरक्षा और सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
विवरण: छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा ने बालोद प्रवास के दौरान आदिम जाति विकास विभाग द्वारा संचालित शासकीय पोस्ट मैट्रिक आदिवासी कन्या छात्रावास का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने छात्रावास की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए छात्राओं से संवाद किया और उनकी आवश्यकताओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बालिका कक्षों, बाथरूम तथा सैनिटरी वेंडिंग मशीन का निरीक्षण किया।
छात्राओं के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। छात्रावास अधीक्षिका सहित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं बेहतर बनाए रखने और सुविधाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। छात्राओं की सुरक्षा, स्वच्छता एवं मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता देने की बात कही। साथ ही छात्राओं की समस्याओं का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। इस दौरान छत्तीसगढ़ रेडक्रॉस सोसायटी के चेयरमैन तोमन साहू सहित विभागीय अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।




