अमृत टुडे, बिलासपुर छत्तीसगढ़
बिलासपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक युवती के साथ अनाचार और शादी का झांसा देकर शोषण करने का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक ने पहले युवती को किराए का मकान दिलाया, फिर उसके साथ जबरदस्ती अनाचार किया और वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी दी। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विवरण: बिलासपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र का मामला है, जहां जांजगीर जिले की रहने वाली एक युवती किराए के मकान में रहकर सैलून में कार्य करती है। पुलिस के अनुसार, जुलाई 2025 में युवती की मुलाकात अभिषेक नगर फेस-1 निवासी विशाल पुरी गोस्वामी से हुई। बातचीत के दौरान युवती ने किराए का मकान तलाशने की बात कही, जिसके बाद आरोपी ने उसे सिविल लाइन क्षेत्र में मकान दिलाया। आरोप है कि अगस्त महीने में युवती की सहेली के घर से बाहर होने पर आरोपी रात करीब 10 बजे पहुंचा और उसके साथ जबरदस्ती अनाचार किया। इस दौरान मोबाइल से वीडियो बनाने और उसे वायरल करने की धमकी देने का भी आरोप है। पीड़िता का कहना है कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर संबंध बनाए। गर्भवती होने पर आरोपी ने कथित तौर पर दवाई देकर गर्भपात कराया और बाद में शादी करने से इनकार कर दिया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पटेल के अनुसार, पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 69 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। आरोपी फिलहाल फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।



