अमृत टुडे, रायपुर छत्तीसगढ़
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने रायपुर में पत्रकार वार्ता को संबोधित किया। उन्होंने कवर्धा के रेंगाखार क्षेत्र में बैगा जनजाति के बच्चों की कुपोषण और एनीमिया से मौत पर सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। साथ ही उन्होंने किसानों के लिए धान का 3358 रुपये प्रति क्विंटल एकमुश्त भुगतान और रकबा समर्पण बंद करने की मांग की।
विवरण : प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने रायपुर में पत्रकार वार्ता करते हुए कहा कि कवर्धा जिले के रेंगाखार वनांचल क्षेत्र के ग्राम नंदनी कुमान में बैगा संरक्षित जनजाति के पांच बच्चों की कुपोषण और एनीमिया से मौत हुई है। उन्होंने बताया कि 13 बच्चे बोडला स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती हैं, जबकि 10 से अधिक प्रभावित बच्चे गांव में ही हैं।
दीपक बैज ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में साफ पीने का पानी नहीं है और मलेरिया, डायरिया तथा खसरे से बचाव के लिए सरकार ने कोई प्रभावी अभियान नहीं चलाया। उन्होंने मृत बच्चों के परिजनों को 10 लाख रुपये मुआवजा देने और गांव में कुपोषण पुनर्वास केंद्र खोलने की मांग की।
धान खरीदी के मुद्दे पर कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि सरकार किसानों को प्रति क्विंटल 3358 रुपये का एकमुश्त भुगतान करे। उन्होंने प्रति एकड़ आदान सहायता की योजना को किसानों के हक में कटौती बताया और जबरिया रकबा समर्पण तथा फर्जी गिरदावरी पर रोक लगाने की मांग की।
उन्होंने दीपावली से पहले किसानों को अग्रिम भुगतान और पिछली बकाया राशि का भुगतान करने की भी मांग की। साथ ही उन्होंने 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली वोट बचाओ, देश बचाओ रैली में छत्तीसगढ़ के कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या में भागीदारी का आह्वान किया।



