अमृत टुडे, रायपुर छत्तीसगढ़
रायपुर के अमलीडीह क्षेत्र में स्थित गार्डन और तालाब के कायाकल्प की तैयारी शुरू हो गई है। नगर निगम कमिश्नर संबित मिश्रा ने स्थल का निरीक्षण कर तालाब की सफाई, टूटी दीवाल व प्रवेश द्वार की मरम्मत और पाथवे की मरम्मत के निर्देश दिए। निगम ने सामाजिक संस्थाओं से गार्डन गोद लेने का भी आग्रह किया है।
विवरण : रायपुर नगर निगम के कमिश्नर संबित मिश्रा ने अमलीडीह क्षेत्र स्थित गार्डन और तालाब का निरीक्षण किया। इस दौरान अपर आयुक्त विनोद पांडेय, जोन 10 की जोन कमिश्नर रुचि शर्मा और क्षेत्रीय पार्षद विनय निर्मलकर उपस्थित रहे।
निरीक्षण के बाद कमिश्नर ने तालाब में जमा गंदगी हटाने, मुख्य प्रवेश द्वार को नए सिरे से तैयार करने, टूटे पेवर ब्लाक और क्षतिग्रस्त बाउंड्रीवाल की मरम्मत करने के निर्देश दिए। नागरिकों की मांग पर ओपन जिम के कायाकल्प पर भी विचार किया जाएगा।

कमिश्नर ने गार्डन परिसर में बने सामुदायिक भवन और बापू की कुटिया का भी निरीक्षण किया। मौके पर स्थानीय सामाजिक संस्थाओं, वरिष्ठ नागरिकों और पर्यावरण प्रेमियों से चर्चा की गई। नागरिकों ने गार्डन में पार्किंग व्यवस्था, चौकीदार की नियुक्ति और भीतरी हिस्से से मुक्कड़ हटाने की मांग रखी।
नगर निगम कमिश्नर ने कहा कि गार्डन के बेहतर रखरखाव के लिए कोई सामाजिक संस्था इसे गोद ले सकती है। गोद लेने वाली संस्था परिसर में अपने प्रचार-प्रसार हेतु बोर्ड या फ्लेक्स भी लगा सकेगी। निगम ने नागरिकों से तालाब, गार्डन और आसपास के क्षेत्र को साफ रखने में सहयोग देने की अपील की है।



