• Wed. Oct 28th, 2026
Spread the love

अमृत टुडे, रायपुर छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 2 नवंबर को नवा रायपुर के सेंध लेक क्षेत्र में भारतीय वायु सेना की सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम भव्य एयर शो प्रस्तुत करेगी। सुबह 11 बजे से पांच स्वदेशी ध्रुव हेलीकॉप्टर आसमान में रोमांचक संरचनाएं और साहसिक करतब दिखाएंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने टीम का स्वागत कर इसे युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया।

विवरण : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से रायपुर स्थित निवास कार्यालय में भारतीय वायु सेना की सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम ने सौजन्य मुलाकात की। टीम के सदस्यों ने मुख्यमंत्री को स्मृति चिन्ह भेंट किया। मुख्यमंत्री ने राज्योत्सव में टीम की सहभागिता को प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया।
2 नवंबर को नवा रायपुर अटल नगर स्थित सेंध लेक क्षेत्र में सुबह 11 बजे से एयर शो होगा। ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार के नेतृत्व में पांच हेलीकॉप्टर आसमान में समन्वित उड़ान, आकर्षक संरचनाएं और साहसिक हवाई करतब प्रस्तुत करेंगे। टीम में स्क्वाड्रन लीडर अंकिता और अक्षया जैसी दो महिला पायलट भी शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वदेशी ध्रुव हेलीकॉप्टरों का प्रदर्शन भारत की तकनीकी सामर्थ्य, नवाचार और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को दर्शाएगा। उन्होंने कहा कि यह आयोजन युवाओं में देशभक्ति, अनुशासन, टीम भावना और राष्ट्रसेवा का संकल्प मजबूत करेगा।
ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार ने बताया कि विश्व में हेलीकॉप्टरों से ऐसे एयरोबैटिक प्रदर्शन करने वाली चुनिंदा तीन टीमों में सारंग टीम शामिल है। उन्होंने युवाओं से सपनों पर विश्वास करने, अनुशासन और निरंतर परिश्रम से लक्ष्य प्राप्त करने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने महिला पायलटों की सहभागिता को प्रदेश की बेटियों के लिए नई प्रेरणा बताया।

Leave a Reply