• Thu. Oct 29th, 2026
Spread the love

अमृत टुडे, धमतरी छत्तीसगढ़

धमतरी पुलिस के ऑपरेशन निश्चय के तहत सिटी कोतवाली पुलिस ने मराठापारा क्षेत्र में 140 प्रतिबंधित नाइट्राजेपाम टैबलेट के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने टैबलेट परिवहन में इस्तेमाल जुपिटर स्कूटी समेत कुल 42 हजार 800 रुपए का मशरूका जब्त किया है। आरोपी को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।

विवरण : धमतरी जिले में अवैध मादक पदार्थों और प्रतिबंधित नशीली दवाओं के कारोबार पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत सिटी कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि मराठापारा क्षेत्र में एक युवक प्रतिबंधित नशीली टैबलेट के अवैध परिवहन और बिक्री में संलिप्त है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए क्षेत्र में घेराबंदी की और संदेही युवक को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से हरे रंग की पॉलीथीन में रखी 14 स्ट्रिप में कुल 140 एनआरएक्स नाइट्राजेपाम टैबलेट आईपी, जिन्हें Nitrosun-10 के नाम से जाना जाता है, बरामद हुईं। औषधि निरीक्षक द्वारा मौके पर भौतिक सत्यापन के बाद टैबलेट का कुल वजन 1.4 ग्राम पाया गया। पुलिस ने नशीली टैबलेट के परिवहन में इस्तेमाल होने वाली जुपिटर स्कूटी क्रमांक CG-05-AM-0310 भी जब्त की है।


गिरफ्तार आरोपी की पहचान विशेष शर्मा, पिता संतोष शर्मा, उम्र 22 वर्ष, निवासी मराठापारा, धमतरी के रूप में हुई है। टैबलेट की अनुमानित कीमत 2 हजार 800 रुपए और स्कूटी की अनुमानित कीमत 40 हजार रुपए बताई गई है। इस प्रकार कुल 42 हजार 800 रुपए का मशरूका जब्त किया गया है।
पूछताछ और मेमोरेंडम कथन के दौरान आरोपी से यह पता लगाया जा रहा है कि वह ये टैबलेट कहां से प्राप्त करता था। पुलिस मामले से जुड़े सप्लायर, अन्य संभावित आरोपियों और पूरे नेटवर्क की तलाश में जुटी है। आरोपी के खिलाफ थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 276/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(ए) में कार्रवाई की गई है। उसे न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नशीली दवाओं और मादक पदार्थों के अवैध कारोबार की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें। पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन निश्चय के तहत नशे के कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply