• Mon. Nov 2nd, 2026
Spread the love

अमृत टुडे, धमतरी छत्तीसगढ़

राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर धमतरी पुलिस ने सद्भावना दौड़, आधुनिक हथियारों का तकनीकी प्रदर्शन एवं रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की। एनसीसी कैडेट, रक्षा अकादमी के विद्यार्थी एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर एकता, अखंडता एवं राष्ट्रसेवा का संदेश दिया।

विवरण: राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर धमतरी पुलिस द्वारा राष्ट्रीय एकता, अखंडता, सामाजिक सद्भाव एवं राष्ट्रसेवा की भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न प्रेरणादायी कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सद्भावना दौड़, आधुनिक हथियारों का तकनीकी प्रदर्शन एवं भव्य रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें एनसीसी कैडेट, रक्षा अकादमी के विद्यार्थी एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन एवं उप पुलिस अधीक्षक यशकरण दीप ध्रुव के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक कार्यालय धमतरी से सद्भावना दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना करने के साथ हुआ। दौड़ निर्धारित मार्ग से होते हुए पुलिस लाइन धमतरी रुद्री पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान युवाओं ने पूरे उत्साह, अनुशासन एवं ऊर्जा के साथ सहभागिता करते हुए देश की एकता, अखंडता, भाईचारे एवं सामाजिक समरसता का संदेश दिया।

सद्भावना दौड़ के समापन के पश्चात पुलिस लाइन रुद्री में एनसीसी कैडेट एवं रक्षा अकादमी के छात्र-छात्राओं के लिए आधुनिक हथियारों एवं गोला-बारूद का विशेष तकनीकी परिचय एवं जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। इस दौरान पुलिस बल द्वारा कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण एवं सुरक्षा संबंधी दायित्वों के निर्वहन में उपयोग किए जाने वाले विभिन्न आधुनिक हथियारों, गोला-बारूद एवं सुरक्षा उपकरणों का प्रत्यक्ष अवलोकन कराया गया। पुलिस अधिकारियों एवं प्रशिक्षित कर्मचारियों ने विद्यार्थियों को हथियारों की संरचना, विशेषताओं, उपयोगिता, कार्यप्रणाली एवं सुरक्षित रख-रखाव के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर भव्य रंगोली प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। इसमें प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मकता, कलात्मक प्रतिभा एवं कल्पनाशीलता का परिचय देते हुए आकर्षक रंगोलियों के माध्यम से लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के विचारों, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता तथा ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। रंगों से सजी इन कलाकृतियों ने राष्ट्रीय एकता एवं सामाजिक समरसता का प्रेरक संदेश दिया।

Leave a Reply