अमृत टुडे, रायपुर छत्तीसगढ़
धरसींवा विधानसभा क्षेत्र में 21 नवंबर से विधायक अनुज शर्मा की ‘सेवा संवाद यात्रा’ शुरू होगी। एक महीने तक चलने वाले इस महाअभियान में विधायक 144 गांवों, नगर पंचायतों के वार्डों और सभी बूथों तक पहुंचकर जनता की समस्याएं सुनेंगे। समस्या निवारण शिविरों के माध्यम से योजनाओं का लाभ और समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
विवरण : धरसींवा विधानसभा क्षेत्र में जन-सेवा, सुशासन और समग्र विकास को धरातल पर उतारने के उद्देश्य से विधायक अनुज शर्मा 21 नवंबर से ‘सेवा संवाद यात्रा’ शुरू करने जा रहे हैं। खरोरा स्थित सेवा सदन में आयोजित बैठक में इस यात्रा की विस्तृत रणनीति तैयार की गई। यह अभियान लगभग एक महीने तक चलेगा, जिसमें विधायक अपनी टीम के साथ क्षेत्र के सभी 144 गांवों, नगर पंचायतों के वार्डों और प्रत्येक बूथ तक पहुंचेंगे।
यात्रा का मुख्य उद्देश्य छत्तीसगढ़ सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी हर घर तक पहुंचाना और पात्र हितग्राहियों को उनका पूरा लाभ दिलाना है। इस दौरान विशेष समस्या निवारण शिविर आयोजित होंगे, जहां नागरिक अपनी शिकायतें और आवेदन प्रस्तुत कर सकेंगे। प्राप्त आवेदनों के त्वरित निपटारे के लिए प्रशासनिक स्तर पर समन्वय किया जाएगा। साथ ही चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया जाएगा और नए कार्यों का लोकार्पण व भूमिपूजन भी होगा।
विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि धरसींवा उनका परिवार है और यहां के हर नागरिक की सेवा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, बुनियादी ढांचा और रोजगार के अवसरों के विस्तार पर जोर दिया। बैठक में मातृशक्ति और युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर सहमति बनी। प्रभारी सुरेंद्र पाटनी सहित कई पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने यात्रा को ऐतिहासिक बनाने और इसका संदेश घर-घर तक पहुंचाने का संकल्प लिया।



