• Tue. Nov 3rd, 2026
Spread the love

अमृत टुडे, धमतरी छत्तीसगढ़

धमतरी के राज्योत्सव-2026 में पुलिस का जनजागरूकता स्टॉल आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना। नवीन आपराधिक कानून, यातायात सुरक्षा, साइबर सुरक्षा और नशा मुक्ति पर दी गई जानकारी ने नागरिकों को जोड़ा, जबकि सेल्फी विथ मी जोन में बच्चों और युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

विवरण : छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 02 नवंबर 2026 को एकलव्य खेल मैदान, धमतरी में जिला स्तरीय राज्योत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। समारोह की शुरुआत धमतरी पुलिस बैंड द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति धुनों से हुई, जिसने पूरे आयोजन स्थल को राष्ट्रभक्ति और उत्साह से भर दिया।

पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में धमतरी पुलिस ने विशेष जनजागरूकता एवं प्रदर्शनी स्टॉल स्थापित किया। यहां नवीन आपराधिक कानून, यातायात नियम, साइबर सुरक्षा, ऑनलाइन ठगी से बचाव, नशा मुक्ति तथा नक्सल विरोधी अभियानों की जानकारी पोस्टर, बैनर, मॉडल और डेमो के माध्यम से दी गई।

मुख्य अतिथि कुरूद विधायक अजय चंद्राकर सहित जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों ने स्टॉल का अवलोकन किया। अतिथियों ने पुलिस के आधुनिक हथियारों, सुरक्षा उपकरणों तथा जनहितकारी पहलों की सराहना की।

स्टॉल में स्थापित सेल्फी विथ मी और पुलिस कट-आउट फोटो जोन सबसे अधिक आकर्षित करने वाला केंद्र रहा। बच्चों, विद्यार्थियों, युवाओं और आम नागरिकों ने पुलिस जवानों के साथ सेल्फी लेकर सहभागिता दर्ज की। धमतरी पुलिस ने नागरिकों से हेलमेट एवं सीट बेल्ट का उपयोग करने, अनजान लिंक पर क्लिक न करने तथा ओटीपी, यूपीआई पिन और बैंक जानकारी साझा न करने की अपील की। साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई।

Leave a Reply