अमृत टुडे, धमतरी छत्तीसगढ़
धमतरी जिले के थाना भखारा क्षेत्र के जोरातराई में एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने चंद घंटों में गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से प्रयुक्त चाकू और कपड़े बरामद किए गए हैं। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
विवरण : धमतरी जिले के थाना भखारा क्षेत्र के ग्राम जोरातराई में पुरानी रंजिश और दादागिरी के विवाद में एक युवक पर चाकू से प्राणघातक हमला किया गया। घटना की सूचना मिलते ही धमतरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस को प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार 11 नवंबर की रात करीब 8:30 बजे युवक शीतला मंदिर के पास बैठा था। इसी दौरान आरोपी खगेश कुमार निर्मलकर उर्फ सागर निर्मलकर वहां पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए युवक को धमकाया। इसके बाद आरोपी ने अपने पास रखे धारदार चाकू से युवक के पेट के बाएं हिस्से पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल युवक को तत्काल डायल 112 की मदद से कुरुद अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए उचित उपचार के लिए रिफर कर दिया। पीड़ित के चाचा ने थाना भखारा में रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसके बाद धारा 109 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया।
पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आरोपी की तलाश शुरू की। घेराबंदी के बाद आरोपी को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर हमले में प्रयुक्त धारदार बटची चाकू और घटना के समय पहने गए कपड़े जप्त किए गए। 12 नवंबर को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने कहा है कि गंभीर अपराधों में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



