अमृत टुडे, धमतरी छत्तीसगढ़
धमतरी जिले के भेण्डरी गांव में मातर मड़ई के दौरान गाली-गलौज रोकने पर एक बुजुर्ग पर साइकिल के धारदार स्पोक से जानलेवा हमला हुआ। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया। करेलीबड़ी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
विवरण : धमतरी जिले के मगरलोड थाना अंतर्गत करेलीबड़ी पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम भेण्डरी में मातर मड़ई के दौरान गाली-गलौज करने से मना करने पर एक बुजुर्ग व्यक्ति पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला किया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार 11 नवंबर को रात करीब 8:30 बजे प्रार्थी नारायण साहू अपने पिता भागीरथी साहू के साथ बस स्टैंड स्थित चाय ठेले पर मौजूद था। इसी दौरान गांव का आरोपी ईश्वर राम उर्फ बल्ले साहू वहां पहुंचा और अश्लील गाली-गलौज करने लगा। आसपास महिलाओं की आवाजाही होने के कारण भागीरथी साहू ने उसे गाली-गलौज करने से मना किया।इस बात से आक्रोशित आरोपी ने जान से मारने की नीयत से अपनी जेब में रखे साइकिल के स्पोक के धारदार टुकड़े से भागीरथी साहू के पेट पर लगातार 6 से 7 वार कर दिए। हमले में गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को तत्काल उपचार के लिए संजीवनी अस्पताल, नयापारा में भर्ती कराया गया।प्रार्थी की रिपोर्ट पर चौकी करेलीबड़ी, थाना मगरलोड में अपराध क्रमांक 236/2026, धारा 296 एवं 109(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस टीम ने आरोपी की पतासाजी कर घेराबंदी करते हुए उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त साइकिल के स्पोक का धारदार टुकड़ा नंगरा नाला पुल के नीचे पाइप के अंदर से बरामद कर जप्त किया गया।पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर शांति बनाए रखने और विवाद व हिंसक गतिविधियों से दूर रहने की अपील की है।
गिरफ्तार आरोपी: ईश्वर राम उर्फ बल्ले साहू, पिता नरसिंग साहू, उम्र 27 वर्ष, निवासी ग्राम भेण्डरी, थाना मगरलोड, जिला धमतरी।



