• Sun. Nov 15th, 2026

दुर्ग के गोड़पेण्ड्री में भाई की हत्या, शराब की आदत से परेशान बहन ने लोढ़े से किया हमला, पुलिस ने चंद घंटों में किया खुलासा…..

Spread the love

अमृत टुडे, दुर्ग छत्तीसगढ़

दुर्ग जिले के उतई थाना क्षेत्र के ग्राम गोड़पेण्ड्री में एक भाई की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शराब पीने की आदत से परेशान बहन ने अपने ही भाई पर सीलबट्टा से प्राणघातक वार कर उसकी जान ले ली। पुलिस ने चंद घंटों में पूरे मामले का खुलासा कर आरोपी बहन को गिरफ्तार कर लिया।

विवरण : दुर्ग जिले के थाना उतई क्षेत्र के ग्राम गोड़पेण्ड्री में 14 नवंबर को 40 वर्षीय धर्मेन्द्र पाल का शव उसके घर में मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच में मृतक के सिर और बाईं आंख के ऊपर किसी ठोस वस्तु से प्राणघातक वार किए जाने के संकेत मिले। शुरुआत में मृतक की बहन धन्नी धनकर ने किसी अज्ञात व्यक्ति के हमले की बात बताई थी।
पुलिस ने मर्ग दर्ज कर शव पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई की। घटनास्थल तथा परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर हत्या की आशंका पाए जाने पर धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। विवेचना के दौरान मृतक की बहन धन्नी धनकर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

पूछताछ में आरोपी महिला ने अपने भाई की हत्या करना स्वीकार किया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वह भाई की शराब पीने की आदत से परेशान थी। इसी कारण उसने सीलबट्टा, जिसे लोढ़ा भी कहा जाता है, से भाई के सिर और बाईं आंख के ऊपर प्रहार कर उसकी हत्या कर दी। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त सीलबट्टा जप्त किया गया।
पुलिस ने आरोपी धन्नी धनकर, उम्र 34 वर्ष, निवासी ग्राम गोड़पेण्ड्री को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि पारिवारिक विवाद या घरेलू तनाव की स्थिति में हिंसा का रास्ता न अपनाएं। ऐसी स्थिति में परिवार के सदस्यों, सामाजिक प्रतिनिधियों अथवा पुलिस की सहायता लें।

Leave a Reply

You Missed