अमृत टुडे, धमतरी छत्तीसगढ़
धमतरी जिले के गंगरेल मड़ई में हजारों श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए पुलिस ने चाक-चौबंद इंतजाम किए। ड्रोन कैमरे की मदद से मेला परिसर, पार्किंग क्षेत्र और प्रमुख मार्गों पर लगातार निगरानी रखी गई। भीड़ में बिछड़े बच्चों को पुलिस ने तत्परता से उनके परिजनों से मिलवाया।

विवरण: पुलिस अधीक्षक धमतरी भावना पांडेय के निर्देशन में गंगरेल मड़ई के दौरान श्रद्धालुओं और आम नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई। छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों सहित अन्य राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए मेला परिसर, आसपास के क्षेत्रों, पार्किंग स्थलों और प्रमुख मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया।
मेला परिसर में उमड़ी हजारों की भीड़ की प्रभावी निगरानी के लिए ड्रोन कैमरे के माध्यम से वास्तविक समय में निगरानी की गई। इसके जरिए मेला स्थल, पार्किंग क्षेत्र और प्रमुख मार्गों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी गई। तकनीकी निगरानी और मैदानी पुलिस बल के बेहतर समन्वय से भीड़ की स्थिति पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखा गया।
गंगरेल मड़ई के दौरान धमतरी पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के साथ मानवीय संवेदनशीलता का भी उत्कृष्ट परिचय दिया। मेला परिसर में भीड़ के बीच कुछ बच्चे अपने परिजनों से बिछड़ गए थे। पुलिस जवानों ने तत्परता और संवेदनशीलता के साथ उन्हें सुरक्षित अपने संरक्षण में लेकर आवश्यक प्रयासों के बाद उनके परिजनों से मिलवाया। अपनों से पुनः मिलकर बच्चों और उनके परिजनों के चेहरों पर खुशी लौटी।

पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय द्वारा कंट्रोल रूम धमतरी के माध्यम से मेला परिसर की भीड़, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की लगातार समीक्षा की जाती रही। राजपत्रित अधिकारियों द्वारा नियमित रूप से मेला स्थल का निरीक्षण और पेट्रोलिंग कर मैदानी स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।
इसी क्रम में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में आयोजित मातर मड़ई के दौरान भी पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती कर सुरक्षा और कानून व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए। पुलिस की सतर्कता, मुस्तैदी और बेहतर समन्वय के परिणामस्वरूप गंगरेल मड़ई सहित विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित मातर मड़ई के सभी कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हुए।



