अमृत टुडे, धमतरी छत्तीसगढ़
ऑपरेशन निश्चय के तहत धमतरी पुलिस ने मादक पदार्थों के अवैध कारोबार और अंतरराज्यीय तस्करी के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की है। साइबर थाना और थाना अर्जुनी की संयुक्त पुलिस टीम ने 131.668 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा के साथ महाराष्ट्र निवासी पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
विवरण: एसपी धमतरी भावना पांडेय के निर्देशन में ऑपरेशन निश्चय के तहत मादक पदार्थों के अवैध कारोबार और अंतरराज्यीय तस्करी के विरुद्ध धमतरी पुलिस द्वारा लगातार प्रभावी और सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में साइबर थाना और थाना अर्जुनी की संयुक्त पुलिस टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 131.668 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा के साथ महाराष्ट्र निवासी पांच आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।
दिनांक 15 नवंबर 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि उड़ीसा के जयपुर क्षेत्र से चारामा होते हुए महाराष्ट्र की ओर जा रहे टाटा नैनो कार क्रमांक सीजी 07 एमए 4067 और स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक एमएच 04 जीडी 7906 में सवार पांच व्यक्ति भारी मात्रा में गांजा का अवैध परिवहन कर रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम द्वारा तत्काल सक्रियता दिखाते हुए श्यामतराई नाका, धमतरी में घेराबंदी की गई और मुखबिर द्वारा बताए गए दोनों संदिग्ध वाहनों को रोककर विधिवत तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान दोनों वाहनों से कुल 131.668 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ। पुलिस द्वारा गांजा और तस्करी में प्रयुक्त दोनों वाहनों सहित अन्य सामग्री को विधिवत जब्त कर मौके पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई।
गिरफ्तार आरोपी कुंदन उर्फ सचिन कैलाश ईगेडे, रामेश्वर सालिक राम दांडगे, राबिनसन लॉरेंस फर्नांडिस, लखन गुलाब बेलदार और गणेश विजय पाटिल हैं। सभी आरोपी महाराष्ट्र राज्य के निवासी हैं।
जप्त सामग्री में 131.668 किलोग्राम गांजा, टाटा नैनो कार, स्विफ्ट डिजायर कार और पांच मोबाइल फोन शामिल हैं। जप्त सामग्री की अनुमानित कीमत कुल 72 लाख 45 हजार 400 रुपये बताई गई है।
आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस द्वारा गांजा के वास्तविक स्रोत, तस्करी के नेटवर्क, परिवहन मार्ग, संभावित प्राप्तकर्ताओं और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य व्यक्तियों के संबंध में विस्तृत विवेचना की जा रही है। तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध भी कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



