• Tue. Mar 24th, 2026
Spread the love

धमतरी 24 जून 2025

अमृत टुडे । संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा वर्ष 2025 को अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता वर्ष घोषित किया गया है। इस अवसर पर जिले में 27 जून को वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा। इसके साथ ही जुलाई महीने में भी हर शनिवार को ग्राम पंचायतों और प्राथमिक सहकारी साख समितियों के परिसरों में पौध रोपण का काम चलता रहेगा।

इस अभियान के लिए अपेक्षित संख्या में पौधे उपलब्ध कराने के निर्देश कलेक्टर ने वनमण्डलाधिकारी को दिए हैं। अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता वर्ष की थीम ’’सहकारिता से बेहतर दुनिया का निर्माण’’ निर्धारित किया गया है। इसे एक पेड़ मां के नाम अभियान से जोड़ते हुए जिले की प्रत्येक ग्राम पंचायत में वृहद वृक्षारोपण किया जाएगा। इन लगाए गए पौधों का संवर्द्धन और संरक्षण संबंधित ग्राम पंचायत क्षेत्र में काम करने वाले वन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा सहकारी समितियों के अमले द्वारा किया जाएगा।

अभियान के तहत मुख्य रूप से फलदार, छायादार, औषधीय पेड़ और प्राथमिक लघु वनोपज सहकारी समितियों के कार्यक्षेत्र में आजीविका आधारित वृक्ष जैसे हर्रा, बहेड़ा, आंवला, इमली, कुसुम आदि के पेड़ लगेंगे। हर एक ग्राम पंचायत में एक सौ पेड़ लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। 27 जून को जिला स्तरीय कार्यक्रम के साथ-साथ अन्य 34 ग्राम पंचायतों में भी पौधरोपण किया जाएगा।

Leave a Reply

You Missed