रायपुर / अमृत टुडे
रायपुर पुलिस ने ड्रग्स तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पीरंदर नामक मुख्य तस्कर को गिरफ्तार कर लिया है। अब तक कुल 48 आरोपी गिरफ्त में आ चुके हैं। पीरंदर को प्रदेश में ड्रग्स नेटवर्क का हेड माना जा रहा था।

गिरफ्तार तस्कर के पास से 85 ग्राम हेरोइन, 90 ग्राम अफीम, 80 से ज्यादा जिंदा कारतूस और एक पिस्टल बरामद हुई है। पुलिस की जांच में खुलासा हुआ है कि ये नेटवर्क पाकिस्तान के तस्करों से ड्रोन के जरिए ड्रग्स मंगवाकर भारत में सप्लाई करता था। डीलिंग की प्रक्रिया भी बेहद संगठित थी—50 प्रतिशत एडवांस पेमेंट ली जाती थी और बाकी रकम माल डिलीवरी के बाद चुकाई जाती थी।

बेचने के लिए 17 से 18 अलग–अलग प्रोसेस अपनाई जाती थीं। स्थानीय लोगों को लालच और झांसा देकर गिरोह में शामिल किया जाता था। ट्रांसपोर्टर लाइन का सबसे ज्यादा इस्तेमाल होता था। धमतरी, बिलासपुर और रायपुर में फैले इस नेटवर्क को पुलिस ने ध्वस्त किया है।
जानकारी के मुताबिक, इस नेटवर्क से जुड़े करीब 700 लोगों तक पुलिस ने अपनी जांच को पहुंचाया है। केवल कबीरनगर इलाके में ही पिछले 6-7 महीनों में चिट्टा के खिलाफ कई कार्रवाई हुई और धीरे-धीरे आरोपी गिरफ्त में आते गए।

अब तक इस नेटवर्क से 270 ग्राम और 400 ग्राम के बड़े कंसाइनमेंट जब्त किए जा चुके हैं। तस्कर 1000 से 1100 रुपये प्रति ग्राम में ड्रग्स खरीदते और 10 हजार रुपये प्रति ग्राम तक बेचते थे।
पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई से छत्तीसगढ़ में सक्रिय अंतरराज्यीयh और अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स नेटवर्क को करारा झटका लगा है।

