• Tue. Mar 24th, 2026

सरगुजा ओलंपिक के समापन समारोह में शामिल हुए बाइचुंग भूटिया ….

ByAmritToday

Mar 24, 2026
Spread the love

सरगुजा ओलंपिक के समापन में शामिल हुए बाइचुंग भूटिया – “मेहनत और लगन से ही मिलती है सफलता”

“दूरी मायने नहीं रखती, जुनून जरूरी है” – बाइचुंग भूटिया ने सरगुजा के युवा खिलाड़ियों को दिया संदेश

सिक्किम से सरगुजा तक का संदेश – बाइचुंग भूटिया ने छत्तीसगढ़ के खेल विकास की की प्रशंसा

अमृत टुडे/रायपुर, 23 मार्च 2026। छत्तीसगढ़
सरगुजा ओलंपिक 2026 के समापन समारोह में भारतीय फुटबॉल जगत के दिग्गज एवं पूर्व कप्तान और अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित बाइचुंग भूटिया ने शामिल होकर युवा खिलाड़ियों को जोश‑ओ‑ज़ज़्बा बख्शते हुए कहा कि मेहनत, लगन और अटूट विश्वास ही सफलता का सच्चा मंत्र है। भूटिया ने युवाओं को खेल जगत में अपनी पहचान बनाने के लिए प्रोत्साहित किया और कहा कि सरगुजा के युवाओं में अपार क्षमता है जो सही मार्गदर्शन और संसाधनों से राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुँच सकती है।

भूटिया ने अपने सिक्किम से सरगुजा तक के सफर का जिक्र करते हुए कहा कि “दूरी मायने नहीं रखती, जुनून जरूरी है”। उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि वे सिक्किम के एक छोटे से गाँव से निकलकर भारत के लिए खेलने तक की ऊँचाइयाँ छू पाए, जिससे यह साफ है कि भौगोलिक सीमाएँ या गाँव का आकार प्रतिभा को रोक नहीं सकते। उन्होंने युवाओं से कहा कि वे अपने मन से “हम छोटे इलाके से हैं, इसलिए सफल नहीं हो पाएंगे” जैसी शंकाएँ निकाल दें और खुद पर विश्वास रखें।

बाइचुंग भूटिया ने छत्तीसगढ़ सरकार के खेल को दिए जा रहे महत्व और युवाओं को मंच प्रदान करने की नीतियों की सराहना की। उन्होंने बस्तर ओलंपिक के अपने अनुभवों को साझा करते हुए कहा कि राज्य सरकार सुदूर क्षेत्रों के खिलाड़ियों को इन्फ्रास्ट्रक्चर और अवसरों के ज़रिए मंच दे रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में छत्तीसगढ़ से न केवल राष्ट्रीय खिलाड़ी बल्कि ओलंपिक मेडलिस्ट भी निकलेंगे।

उन्होंने खिलाड़ियों को सलाह देते हुए कहा कि सरकारी सहयोग और इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ व्यक्तिगत सिंसियरिटी और हार्ड वर्क सबसे ज़्यादा महत्वपूर्ण है। उन्होंने फोकस, ईमानदार मेहनत और अंतिम क्षण तक हार न मानने को सफलता की असली कुंजी बताया तथा यह विश्वास ज़ाहिर किया कि शासन की इन पहलों का सकारात्मक परिणाम जल्द ही देश के खेल मानचित्र पर दिखाई देगा। इस अवसर पर बाइचुंग भूटिया ने छत्तीसगढ़ शासन, खेल युवा कल्याण विभाग एवं सरगुजा जिला प्रशासन को आयोजन में आमंत्रित करने के लिए आभार भी प्रकट किया।

Leave a Reply

You Missed