बीजापुर के गंगालूर पोर्टा केबिन छात्रावास में तीन छात्राएं गर्भवती, AAP ने प्रबंधन पर सवाल खड़े किए
अधीक्षक निलंबित, लेकिन बड़े अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग
अमृत टुडे/रायपुर छत्तीसगढ़। 26 मार्च 2026 । आम आदमी पार्टी की जांच समिति ने पाया कि छात्रावास में सुरक्षा की कोई व्यवस्था नहीं, कैमरे बंद और अनुशासनहीनता व्याप्त।
विवरण: बीजापुर जिले के गंगालूर क्षेत्र के पोर्टा केबिन छात्रावास में पढ़ने वाली तीन छात्राएं गर्भवती पाए जाने के मामले में आम आदमी पार्टी (AAP) ने प्रदेश संयुक्त सचिव पूर्णिमा सिन्हा के नेतृत्व में जांच समिति गठित की थी। प्रदेश संगठन मंत्री समीर खान ने पत्रकार वार्ता में रिपोर्ट पेश करते हुए कहा कि मामला प्रकाश में आने के बाद शिक्षा और प्रशासनिक विभाग लीपापोती में जुटे रहे।
गर्भवती छात्राओं में दो 12वीं कक्षा की और एक 11वीं कक्षा की हैं। बोर्ड परीक्षा के दौरान यह खुलासा हुआ। AAP ने छात्रावास की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि अधीक्षक की लापरवाही साफ झलक रही है। वहां दो डीईओ होने के बावजूद अनुशासन का अभाव है, कैमरे बंद पड़े हैं और कोई सुविधाएं उपलब्ध नहीं। एक छात्रा के साथ पहले भी दो बार ऐसी घटना हो चुकी है।
पार्टी ने ट्रायबल विभाग की लापरवाही पर भी सवाल उठाए। अगर छात्राएं लंबे समय से गर्भवती थीं, तो प्रबंधन को समय पर जानकारी क्यों नहीं मिली? स्वास्थ्य विभाग ने सूचना क्यों नहीं दी? पूर्व में भी इस छात्रावास की सुरक्षा पर सवाल उठे हैं। अधीक्षक को निलंबित किया गया है, लेकिन AAP ने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो और दोषी बड़े अधिकारियों पर कार्रवाई सुनिश्चित हो, ताकि आदिवासी बालिकाओं के साथ ऐसा अन्याय न दोहराया जाए।




