अमृत टुडे, रायपुर छत्तीसगढ़ 27 अप्रैल 2026 । सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों (MSME) के लिए देश के शीर्ष संस्थान ‘सिडबी‘ (SIDBI) ने छत्तीसगढ़ में अपनी पैठ मजबूत कर ली है। सिडबी के उप प्रबंध निदेशक प्रकाश कुमार ने एक साक्षात्कार में बताया कि रायपुर शाखा ने पिछले एक वर्ष में 75% की अभूतपूर्व वृद्धि दर्ज की है।

विवरण: प्रकाश कुमार ने इस सफलता का श्रेय छत्तीसगढ़ के मेहनती उद्यमियों और राज्य सरकार की उद्योग-अनुकूल नीतियों को दिया। उन्होंने कहा कि सिडबी का मुख्य उद्देश्य एमएसएमई को सिर्फ ऋण देना नहीं, बल्कि उनके समग्र विकास के लिए ‘विकासात्मक गतिविधियों’ का संचालन करना है। महिला उद्यमियों के लिए बैंक ने विशेष द्वार खोले हैं, जिसमें कम प्रोसेसिंग शुल्क और पुनर्भुगतान में अधिक लचीलापन जैसी उदार शर्तें शामिल हैं।
भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने बताया कि जल्द ही छत्तीसगढ़ के विभिन्न एमएसएमई क्लस्टर्स में 1-2 नई शाखाएं खोली जाएंगी। पहले छत्तीसगढ़ के कार्यों का संचालन कोलकाता से होता था, लेकिन अब इंदौर स्थित नए क्षेत्रीय कार्यालय के माध्यम से मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ दोनों राज्यों की आवश्यकताओं को बेहतर ढंग से पूरा किया जा रहा है। उन्होंने कहा, “हमारा प्रयास है कि हम हर MSME क्लस्टर तक पहुँचें और उनकी विशिष्ट आवश्यकताओं के अनुसार वित्तीय समाधान प्रदान करें।”




