अमृत टुडे, रायपुर छत्तीसगढ़ 01 मई 2026 । रायपुर जिला प्रशासन ने “मिशन उत्कर्ष” के तहत हाईस्कूल व हायर सेकेण्डरी परीक्षा में उत्कृष्ट परिणाम लाने वाले शासकीय स्कूल के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का टाउन हॉल में सम्मान किया। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने प्रदेश की मेरिट लिस्ट में शामिल सभी उत्कृष्ट विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा इन मेधावी बच्चों के लिए काम करने वाले शिक्षकों को विशेष बधाई दी।

कलेक्टर ने कहा कि आज सभी उन मेधावी छात्र‑छात्राओं का सम्मान किया जा रहा है, जिन्होंने 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा की मेरिट सूची में अपना नाम दर्ज कर रायपुर जिले का नाम रौशन किया है और ये जिले के गौरव हैं। उन्होंने बताया कि “मिशन उत्कर्ष” के तहत एक कार्ययोजना तैयार की गई थी, जिससे शैक्षणिक परिणामों में सुधार आया और बेहतर परिणाम देखने को मिले। कलेक्टर ने शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि ऐसी सफलता के पीछे उनका समर्पित प्रयास है और आशा है कि आने वाले समय में इससे भी अच्छे परिणाम रहेंगे।

इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त विश्वदीप, जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन, जिला शिक्षा अधिकारी हिमांशु भारती सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। रायपुर जिला प्रशासन ने मिशन उत्कर्ष के जरिए जिले में 10वीं व 12वीं में उत्तीर्णता व उच्च अंक अर्जित करने वाले छात्रों की संख्या बढ़ाने पर खास जोर दिया है, जिसके फलस्वरूप परीक्षा परिणामों में सुधार होता जा रहा है।

विवरण: ‘मिशन उत्कर्ष’ रायपुर जिला प्रशासन व शिक्षा विभाग का एक संगठित एवं डेटा‑आधारित शैक्षणिक प्रयास है, जिसका मुख्य लक्ष्य 10वीं व 12वीं में 100 प्रतिशत उत्तीर्णता एवं अधिक से अधिक 80 प्रतिशत से ऊपर अंक लाने वाले विद्यार्थियों को मेरिट लिस्ट में लाना है।
इसी संकल्प के तहत रायपुर जिले के शासकीय स्कूलों में विषयवार शैक्षणिक योजना, नियमित प्री‑बोर्ड व अन्य आंतरिक परीक्षाओं के माध्यम से छात्रों की तैयारी को बेहतर किया गया, जिसका परिणाम बोर्ड की मेरिट लिस्ट में रायपुर जिले के विद्यार्थियों की बढ़ती संख्या और उनके उत्कृष्ट परिणाम के रूप में सामने आ रहा है।




