• Wed. May 6th, 2026
Spread the love

अमृत टुडे, रायगढ़ छत्तीसगढ़ 05 मई 2026 । शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी रूप से पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित ‘सुशासन तिहार’ ग्रामीण अंचलों में सकारात्मक बदलाव की नई कहानी लिख रहा है। रायगढ़ जिले के ग्राम पंचायत लोइंग में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर एक ऐसे ही परिवर्तन का साक्षी बना, जहां ग्राम भिखारीमाल की निवासी जयकुमारी प्रधान को उनके पक्के घर की प्रतीकात्मक चाबी सौंपकर उनके वर्षों पुराने सपने को साकार किया गया।

जयकुमारी प्रधान लंबे समय से एक जर्जर कच्चे मकान में अपने परिवार के साथ रह रही थीं। हर मौसम उनके लिए नई चुनौती लेकर आता था। विशेषकर बारिश के दिनों में टपकती छत, कमजोर दीवारें और परिवार की सुरक्षा को लेकर लगातार बनी रहने वाली चिंता उनके जीवन का हिस्सा बन चुकी थी। सीमित आय और आर्थिक तंगी के कारण पक्का घर बनाना उनके लिए संभव नहीं हो पा रहा था।

ऐसे में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) उनके जीवन में उम्मीद की किरण बनकर सामने आई। योजना के अंतर्गत उन्हें निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समय-समय पर आर्थिक सहायता की किश्तें प्राप्त हुईं, जिससे उन्होंने अपने सपनों का मजबूत और सुरक्षित घर निर्मित किया। ग्राम लोइंग में आयोजित समाधान शिविर के दौरान जब उन्हें उनके नए घर की प्रतीकात्मक चाबी सौंपी गई, तो यह क्षण उनके जीवन के लिए अविस्मरणीय बन गया।

जयकुमारी प्रधान ने शासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि योजनाओं का लाभ समय पर मिलने से उनका सबसे बड़ा सपना पूरा हुआ है। उन्होंने कहा कि अब वे आत्मसम्मान और सुरक्षा के साथ अपना जीवन व्यतीत कर रही हैं।

Leave a Reply