• Wed. Sep 9th, 2026
Spread the love

अमृत टुडे, सरगुजा छत्तीसगढ़

22 मई 2026 । मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सुशासन और जनसरोकारों को केंद्र में रखकर संचालित सुशासन तिहार के अंतर्गत प्रदेश में लगातार समाधान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में सरगुजा जिले के लखनपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत पुहपुटरा क्लस्टर में एक विशाल जनसमस्या निवारण शिविर संपन्न हुआ। इस शिविर में क्षेत्र की 18 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल होकर लाभान्वित हुए। शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने आमजन से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं, मांगें और सुझाव सुने तथा संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए।

शासन पहुँचा गांव के द्वार, स्थल पर ही आवेदनों का निराकरण

समाधान शिविर में ग्रामीणों की ओर से विभिन्न मांगों और समस्याओं से संबंधित कुल 824 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें मांग संबंधी आवेदन 770 और शिकायत संबंधी आवेदन 54 शामिल हैं। मंत्री राजेश अग्रवाल ने सभी आवेदनों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को सौंपते हुए एक निश्चित समयावधि में इनका निराकरण करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार एक ऐसी संवेदनशील व्यवस्था विकसित कर रही है, जहाँ नागरिकों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़े, बल्कि गांव स्तर पर ही उनकी समस्याओं का समाधान हो सके।

जनता और सरकार के बीच मजबूत हुआ समन्वय

 समाधान शिविर को संबोधित करते हुए मंत्री अग्रवाल ने कहा कि सुशासन तिहार केवल शिकायत निवारण का मंच नहीं है, बल्कि यह शासन और जनता के बीच के भरोसे को मजबूत करने का माध्यम है। जब सरकार स्वयं चलकर गांव तक पहुँचती है, तो आम नागरिकों में एक नया संतोष और विश्वास पैदा होता है।

26 विभागों के स्टॉल और आकांक्षा हाट बने मुख्य आकर्षण

 ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं के प्रति जागरूक करने के लिए शिविर में लगभग 26 प्रमुख विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए थे। स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण, खाद्य और मनरेगा जैसे विभागों ने यहाँ सक्रिय सहभागिता निभाई। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया और गर्भवती माताओं को सुपोषण किट सौंपकर गोदभराई की रस्म संपन्न की गई। छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान के अंतर्गत आयोजित आकांक्षा हाट (बिहान) में स्व-सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पादों का प्रदर्शन किया गया, जिसे अतिथियों और ग्रामीणों की भारी सराहना मिली।

हितग्राहियों को मिली योजनाओं की सौगात

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत लगभग 50 से अधिक हितग्राहियों को सीधे सामग्री व प्रमाणपत्र वितरित किए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाभार्थियों को नए घर की खुशियों की चाबी और पूर्णता प्रमाण पत्र सौंपे गए। कृषि एवं खाद्य विभाग द्वारा किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड, मृदा स्वास्थ्य कार्ड और पात्र परिवारों को नए राशन कार्ड वितरित किए गए। स्वास्थ्य विभाग द्वारा ग्रामीणों के लिए आधार और आयुष्मान कार्ड बनाने हेतु विशेष काउंटर लगाए गए। साथ ही समाज कल्याण विभाग द्वारा पात्र वृद्धजनों व दिव्यांगों को पेंशन योजनाओं से लाभान्वित किया गया। इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष शशिकला सिंह, जनप्रतिनिधिगण सहित विभिन्न विभागों के जिला व ब्लॉक स्तरीय अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित थे।

Leave a Reply

You Missed