• Wed. Sep 9th, 2026
Spread the love

अमृत टुडे, मुंगेली छत्तीसगढ़

23 मई 2026 । कभी पानी की समस्या से जूझने वाला ग्राम पंचायत ठकुरीकापा आज जल जीवन मिशन की बदौलत खुशहाली और राहत की नई मिसाल बन गया है।  मुंगेली जिले से लगभग 25 किलोमीटर दूर स्थित इस गांव में अब हर घर तक नल के माध्यम से नियमित पेयजल पहुंच रहा है। इससे वर्षों पुरानी जल संकट की समस्या दूर हो गई है और ग्रामीणों के चेहरे पर संतोष साफ दिखाई दे रहा है। लगभग 02 हजार 285 की आबादी वाले ग्राम ठकुरीकापा में पहले पेयजल के लिए 17 हैंडपंप एवं पावर पंपों पर निर्भर रहना पड़ता था।  नेशनल रूरल ड्रिंकिंग वाटर प्रोग्राम (एनआरडीडब्ल्यू) योजना के तहत पानी टंकी और पाइपलाइन की व्यवस्था होने के बावजूद पर्याप्त जल उपलब्ध नहीं हो पा रहा था। गर्मी के दिनों में स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती थी, जब हैंडपंपों का जलस्तर नीचे चला जाता था और कई हैंडपंप सूख जाते थे, जिससे महिलाओं को काफी दूर से पानी लाना पड़ता था।

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता ने बताया कि ग्रामीणों की परेशानी को देखते हुए शासन द्वारा जल जीवन मिशन के अंतर्गत गांव में नई पाइपलाइन बिछाकर घर-घर नल कनेक्शन दिए गए। अब प्रत्येक घर में नियमित रूप से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो रहा है, जिससे ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है। ग्राम की महिलाओं ने बताया कि पहले पानी लाने में कई घंटे लग जाते थे, लेकिन अब घर पर ही नल से पानी मिलने लगा है। इससे समय की बचत होने के साथ दैनिक जीवन भी आसान हो गया है। बच्चों की पढ़ाई और घरेलू कार्यों पर भी सकारात्मक असर पड़ा है। ग्रामीणों ने इस महत्वपूर्ण योजना के लिए देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जल जीवन मिशन ने गांव की तस्वीर बदल दी है। जिला प्रशासन और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की सतत मॉनिटरिंग एवं प्रयासों से अब गांव में स्वच्छ पेयजल की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित हो गई है।

Leave a Reply

You Missed