• Wed. Jun 3rd, 2026

11 गुठलियों पर 1 आम: राष्ट्रीय आम महोत्सव में 14,000 गुठलियों का संग्रह, 10 जिलों में नर्सरियाँ…..

Spread the love

अमृत टुडे, रायपुर छत्तीसगढ़

01 जून 2026 । इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के उद्यानिकी विभाग और प्रकृति की ओर सोसायटी द्वारा आयोजित राष्ट्रीय आम महोत्सव के अंतिम दिन किसानों और उद्यमियों की सफलता कहानियों पर परिचर्चा आयोजित की गई। “11 गुठलियाँ लाओ, 1 आम पाओ” अभियान को आमजन का जबरदस्त समर्थन मिला और लगभग 14,000 आम की गुठलियाँ संग्रहित हुईं। इन गुठलियों से 10 जिलों में नर्सरियाँ तैयार की जाएंगी; विकसित पौधों को संबंधित जिलों की 10 ग्राम पंचायतों में रोपित कर संरक्षण सुनिश्चित किया जाएगा।

कार्यक्रम में मैंगो फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता बच्चों के लिए प्रमुख आकर्षण रही। प्रथम स्थान यश यादव, द्वितीय स्थान शिवानी पत्रवानी और तृतीय स्थान शिवम दीक्षित रहे। सभी प्रतिभागी बच्चों को प्रमाण-पत्र और पुरस्कार प्रदान किए गए। प्रतियोगिता की निर्णायक संगीता ठाकुर (शिक्षिका एवं समाज सेविका) थीं।
छत्तीसगढ़ राज्य बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा ने बाल आश्रम के लगभग 70 बच्चों के साथ सहभागिता की और उन्हें महोत्सव के महत्व तथा पर्यावरण संरक्षण के बारे में जानकारी दी। उन्होंने महोत्सव को जनजागरण और पर्यावरण सुरक्षा की दिशा में प्रेरणादायक पहल बताया।

अनेक व्यापारिक और सामाजिक संस्थाओं का महोत्सव में सहयोग के लिए सम्मान किया गया। बेमेतरा से आए पर्यावरण प्रेमी संगठन के संस्थापक विद्या भूषण दुबे और उनकी टीम को नर्सरी तैयार करने हेतु 1,000 गुठलियाँ सौंपे गए। कार्यक्रम में डॉ. विवेक त्रिपाठी (संचालक, अनुसंधान केंद्र, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय) और मोहन वर्ल्यानी (अध्यक्ष, प्रकृति की ओर सोसायटी) विशेष रूप से उपस्थित रहे।

मंच संचालन प्रभावी ढंग से एंकर श्वेता ने किया। कार्यक्रम में डॉ. अनिल चौहान, निर्भय धाडीवाल, लक्ष्मी यादव, सर्वत्र सेठी, मनीषा त्रिवेदी, शिल्पी नागपुरे, राम खटवानी, डी. के. तिवारी, दलजीत बग्गा और एस. के. टांग सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply