अमृत टुडे, दुर्ग, छत्तीसगढ़
04 जून 2026 । दुर्ग रेंज की ड्रग डिस्पोजल समिति ने थाना पुलगांव के एनडीपीएस प्रकरण में जप्त लगभग 7.88 करोड़ रुपये मूल्य के अफीम, डोडा व मिश्रित मादक पदार्थों का पर्यावरणीय अनुमतियों के साथ भिलाई स्टील प्लांट में विधिसम्मत नष्टीकरण कराया। पुलिस ने नागरिकों से नशे विरोधी सूचना साझा करने का आग्रह किया।
विवरण : छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग तथा नारकोटिक्स सेल, पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार आज दिनांक 04 जून 2026 को दुर्ग रेंज स्तरीय ड्रग्स डिस्पोजल समिति ने थाना पुलगांव के प्रकरण संख्या 247/2026 (धारा 8 एवं 18 एनडीपीएस अधिनियम) में जप्त मादक पदार्थों का विधिसम्मत नष्टीकरण किया। उच्चस्तरीय समिति के अध्यक्ष पुलिस महानिरीक्षक अभिषेक शांडिल्य के नेतृत्व में यह कार्य भिलाई इस्पात संयंत्र के एस.एम.एस.-3 प्लांट में निष्पादित हुआ।

नष्ट किए गए पदार्थों में लगभग 14,30,100 नग अफीम के पौधे, जड़-तना-पत्ती-फूल व फल शामिल थे, जिनका कुल वजन लगभग 62,422.2 किलोग्राम था। साथ ही सूखा अफीम (डोडा) 62.540 किलोग्राम तथा मिश्रित डोडा बुक्की 572 ग्राम भी जप्त व नष्ट किए गए। इन जप्त मादक पदार्थों की कुल अनुमानित मूल्य लगभग ₹7.88 करोड़ है।
नष्टीकरण से पहले पर्यावरण विभाग व अन्य सम्बंधित संस्थानों से आवश्यक अनुमति ली गई और सभी वैधानिक प्रक्रियाओं का सख़्ती से पालन किया गया।

कार्रवाई में दुर्ग रेंज व जिला प्रशासन, थाना पुलगांव, आबकारी प्रशासन तथा बीएसपी के अधिकारियों ने सहयोग प्रदान किया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, नगर पुलिस अधीक्षक, उप पुलिस महानिरीक्षक व पर्यावरण विभाग के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थों के अवैध उत्पादन, परिवहन अथवा विक्रय की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि नशे के विरुद्ध अभियान और प्रभावी बनाया जा सके।


