• Thu. Jun 4th, 2026

धमतरी में विकास की नई रफ्तार: दो फोरलेन मार्ग व मध्य डिवाइडर निर्माण का शुभारंभ…..

Spread the love

अमृत टुडे, धमतरी, छत्तीसगढ़

04 जून 2026 । धमतरी में दो प्रमुख फोरलेन मार्गों और मध्य डिवाइडर के निर्माण का विधिवत शुभारंभ किया गया। परियोजनाओं में आधुनिक पाथवे, सुव्यवस्थित जल निकासी, सड़क सुरक्षा व भविष्यसूचक शहरी सुविधाओं का समावेश होगा; कलेक्टर और महापौर ने स्थल का निरीक्षण कर शीघ्र पूर्णता के निर्देश दिए।

विवरण :: जिले के समेकित शहरी विकास की दिशा में आज एक महत्वपूर्ण पहल के तहत रत्नाबांधा चौक से मुजगहन (लगभग 4.4 किलोमीटर) और सिहावा चौक से कुल्यारी (लगभग 5 किलोमीटर) तक फोरलेन मार्गों तथा शहर के मध्य निर्मित होने वाले डिवाइडर कार्य का विधिवत शुभारंभ महापौर रामू रोहरा ने किया। कार्यक्रम में कलेक्टर अभिनाश मिश्रा, अपर कलेक्टर इंदिरा देवहारी, एसडीएम एवं लोक निर्माण व नगर निगम के अधिकारी उपस्थित रहे।
लोक निर्माण विभाग द्वारा प्रस्तावित परियोजनाओं में सड़क चौड़ीकरण के साथ आधुनिक पाथवे, सुव्यवस्थित जलनिकासी, विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा सुविधाएँ व व्यापक सौंदर्यीकरण शामिल हैं।

निर्माण योजनाओं में पेयजल पाइपलाइन व अन्य शहरी सेवाओं के विस्तार को ध्यान में रखते हुए अग्रिम प्रावधान किए जा रहे हैं, ताकि बार-बार सड़क खोदने की आवश्यकता न रहे और दीर्घकालिक सुविधा सुनिश्चित हो।

महापौर ने कहा कि ये सड़कें यातायात सुगम करने के साथ व्यापार, निवेश और पर्यटन को भी गति देंगी। कलेक्टर ने परियोजनाओं के सुनियोजित और पर्यावरण के अनुकूल क्रियान्वयन, हरित पट्टियों व जल निकासी पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम के उपरांत दोनों ने धमतरी रेलवे स्टेशन पहुंचकर बड़ी रेल लाइन परियोजना का निरीक्षण भी किया; अधिकारियों को गुणवत्ता, सुरक्षा मानक और निर्धारित समयसीमा का सख्त पालन करने कहा गया है।

ये परियोजनाएँ शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूती प्रदान करेंगी, यातायात दबाव घटाएँंगी और धमतरी को भविष्योन्मुख, व्यवस्थित व नागरिक सुविधाओं युक्त आधुनिक शहर के रूप में उभारा जाए।

Leave a Reply

You Missed