अमृत टुडे, धरसीवां छत्तीसगढ़
04 जून 2026 । धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के नागरिकों के लिए आज एक ऐतिहासिक दिन है। छत्तीसगढ़ शासन ने जून से धरसींवा ब्लॉक मुख्यालय में नया उप-रजिस्ट्रार (उप पंजीयक) कार्यालय खोलने की आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है। इस निर्णय से करीब 60 गांवों के हजारों ग्रामीणों को अब जमीन एवं रजिस्ट्री के कार्यों के लिए राजधानी रायपुर की थकाऊ और खर्चीली यात्रा नहीं करनी पड़ेगी।

विधायक अनुज शर्मा के दावे के अनुरूप यह पहल स्थानीय प्रशासनिक सेवाओं को जनता के द्वार तक पहुँचाने का बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से चली आ रही मांगों और ग्रामीणों की परेशानियों को ध्यान में रखते हुए इस फैसले के लिए शासन स्तर पर लगातार पैरवी की गई। इससे न केवल जनता का समय और धन बचेगा, बल्कि राजस्व प्रक्रियाओं में पारदर्शिता और गति भी आएगी।

लाभान्वित गांवों की सूची में करा (नगर पंचायत), भेरवा, पंडरभट्टा, मुरा, भैंसमुड़ा, बरतनारा, अकोली, मनोहरा, देवरी, मेहरशखा, कुकेरा, कुथरैल, मौहागांव, मलौद, सिलयारी, कुरूद, पथरी, तरेसर, मंगसा, पवनी, निलजा, तर्रा, बरबंदा, नेउरडीह, नगरगांव, टोर, गिधौरी, गोढ़ी, मोंहदी, रैता, धरसींवा, तिवरैया, परसतराई, सिलतरा, मुनरेठी, टाडा, मांढर, गिरौद, सौंढ़रा, बहेसर, चिखली, कुम्हारी, सारागांव, दौंदेकला, दौंदेखुर्द, जरौदा, छपोरा, भुरकोनी, टेकारी, चरौदा, बाना, कपसदा, धनेली, सांकरा, निमोरा, कन्हेरा, लालपुर, मटिया, कारा और बोरझरा शामिल हैं।

स्थानीय जनप्रतिनिधियों, किसानों और सामान्य नागरिकों ने इस घोषणा का उत्साहपूर्वक स्वागत किया और विधायक के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रशासन ने कहा है कि कार्यालय के शैड्यूल, स्टाफिंग और सेवा-प्रणाली की अंतिम रूपरेखा जल्द जारी की जाएगी ताकि सेवाएं बाधारहित ढंग से शुरू हो सकें।

