• Wed. Aug 5th, 2026
Spread the love

अमृत टुडे, रायगढ़ छत्तीसगढ़

19 जून 2026 । उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने आज अपने रायगढ़ प्रवास के दौरान पुसौर विकासखंड के ग्राम लोहरसिंग में बन रहे इंटिग्रेटेड स्पोर्ट्स स्टेडियम के स्थल का निरीक्षण किया। हाल ही में परिसर के प्रशासनिक भवन, छात्रावास, स्टाफ-रूम और पहुंच मार्ग का काम शुरू हुआ है। उन्होंने कार्यों में तेजी लाते हुए निर्धारित समयावधि में पूर्ण गुणवत्ता के साथ निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए।

रायगढ़ में 91 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से 34 एकड़ क्षेत्र में इंटिग्रेटेड स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स बनाया जा रहा है, जिसमें फुटबॉल, एथलेटिक्स, इनडोर स्टेडियम, स्विमिंग पूल, हॉकी, तीरंदाजी सहित कुल 18 खेलों की सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। निरीक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारियों को प्राक्कलन के अनुसार समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य संपादित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने जिले में खेल संघों का गठन कर उनके माध्यम से खिलाड़ियों को बुनियादी सुविधाएँ उपलब्ध कराने एवं राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को विशेष सहयोग देने के निर्देश दिए। साथ ही समय-समय पर निर्माण कार्यों का निरीक्षण करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, रायगढ़ नगर निगम के आयुक्त बृजेश सिंह छत्री और लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता अमित कश्यप भी मौजूद थे।

Leave a Reply