अमृत टुडे, रायपुर छत्तीसगढ़
01 जुलाई 2026 । बस्तर संभाग में शिक्षा व्यवस्था की संभागीय समीक्षा बैठक में शिक्षा मंत्री ने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, स्कूलों के पुनर्जीवन, शत-प्रतिशत उपस्थिति तथा शैक्षणिक गुणवत्ता सुधारने पर सख्त निर्देश दिए; आधार बेस व वीएसके ऐप उपस्थिति, नेटवर्क विहीन स्कूलों की पहचान तथा बोर्ड परिणाम सुधार पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।

विवरण :: बस्तर कलेक्टोरेट में आयोजित संभाग स्तरीय समीक्षा बैठक में शिक्षा मंत्री ने विभागीय योजनाओं और शैक्षणिक गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अंदरूनी क्षेत्रों के विद्यालय पुनर्जीवित करने, शिक्षकों और विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक वातावरण विकसित करने पर बल दिया।
प्राथमिक स्तर पर गणित, हिंदी और अंग्रेजी विषयों की मजबूत आधारशिला के लिये शालावार एवं विषयवार समय-सारणी के अनुसार पढ़ाई और नियमित रिवीजन टेस्ट कराए जाने के निर्देश दिए गए। आधार बेस ऐप व वीएसके ऐप से उपस्थिति की जानकारी ली गई और बिना ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई के आदेश दिए गए।
बंद स्कूलों को पुनः आरंभ करने, पोटा केबिनों में अंतरजिला विद्यार्थियों का प्रवेश, प्रश्नपत्रों के आधार पर यूनिट व तिमाही परीक्षाएं और कमजोर विद्यालयों के प्राचार्यों के साथ सुधारात्मक बैठकें आयोजित करने के निर्देश दिए गए। छात्रवृत्ति, पाठ्यपुस्तक वितरण, सरस्वती सायकल योजना व अन्य योजनाओं के क्रियान्वयन पर भी आवश्यक बातें अमल में लाने को कहा गया।





