अमृत टुडे, रायपुर छत्तीसगढ़
04 जुलाई 2026 । छत्तीसगढ़ सिख समाज ने कक्षा तीन की हिंदी पाठ्यपुस्तक में वीर साहिबजादों की शहादत की गाथा शामिल करने को ऐतिहासिक निर्णय बताया। समाज ने कहा कि यह पहल नई पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति, नैतिक मूल्यों, आत्मबल और सत्य के प्रति निष्ठा को सुदृढ़ करेगी। मुख्यमंत्री का प्रदेश स्तरीय सामाजिक अभिनंदन शीघ्र बड़े समारोह में किया जाएगा।
विवरण : छत्तीसगढ़ सिख समाज ने छत्तीसगढ़ शासन द्वारा कक्षा तीन की हिंदी पाठ्यपुस्तक में साहिबजादा बाबा जोरावर सिंह और साहिबजादा बाबा फतेह सिंह की अमर शहादत की गाथा शामिल किए जाने को ऐतिहासिक और दूरदर्शी निर्णय बताया है। समाज पदाधिकारियों ने कहा कि यह केवल शैक्षणिक विषय नहीं, बल्कि नई पीढ़ी के चरित्र निर्माण, राष्ट्रभक्ति, नैतिकता और आत्मसम्मान को सुदृढ़ करने का प्रेरक प्रयास है।
उन्होंने कहा कि वीर साहिबजादों ने अत्याचार, प्रलोभन और दबाव के सामने झुकने से इनकार कर अदम्य साहस का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया। छत्तीसगढ़ सिख समाज ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आभार व्यक्त करते हुए घोषणा की कि उनका प्रदेश स्तरीय सामाजिक अभिनंदन बड़े समारोह में किया जाएगा। समाज ने इसे भारतीय सांस्कृतिक विरासत और बलिदान परंपरा को विद्यार्थियों तक पहुँचाने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया।




