• Wed. Aug 12th, 2026
Spread the love

अमृत टुडे, धमतरी छत्तीसगढ़

20 जुलाई 2026 । दिव्यांग जनों के जीवन में सक्रिय परिवर्तन आया जब जिला पंचायत अध्यक्ष ने दो जरूरतमंदों को ट्राइसाइकिल सौंपकर उनकी गतिशीलता और आत्मनिर्भरता सुदृढ़ की। प्रशासन व समाज कल्याण विभाग ने त्वरित कार्रवाई कर सहयोग दिया, जिससे रोजगार व दैनिक कार्यों में सहजता लौट आई।

विवरण : किसी दिव्यांग के लिए सहायक उपकरण केवल एक साधन नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता की नई शुरुआत होते हैं। गुरुवार को ऐसा ही दृश्य देखा गया, जब जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने जिले के दो दिव्यांगजन को ट्राईसाइकिल प्रदान कर उनकी जीवनयात्रा आसान बनाने की पहल की। ट्राईसाइकिल मिलते ही दोनों हितग्राहियों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने इसे नई उम्मीद का संबल बताया।

जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने ग्राम सोरम निवासी कामदेव साहू तथा नवागांव-कंडेल निवासी गेमेश्वरी साहू को ट्राईसाइकिल प्रदान की। इस अवसर पर दोनों से मिलकर उनकी हालचाल ली गई और शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ निरंतर मिलने का भरोसा दिलाया गया। कार्यक्रम में समाज कल्याण विभाग की उप-संचालक मनीषा पांडेय सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

बचपन की पीड़ा, अब आत्मनिर्भरता की राह
गेमेश्वरी साहू ने बताया कि बचपन से दाएं पैर में पोलियो की शिकायत के कारण उन्हें चलने-फिरने और दैनिक कार्यों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। वर्तमान में वे नवागांव आंगनबाड़ी केंद्र में कार्यकर्ता के रूप में सेवाएं दे रही हैं। कार्य के सिलसिले में उन्हें आसपास के गांवों और मोहल्लों में जाना पड़ता था, जिससे उन्हें परेशानी होती थी। अब ट्राईसाइकिल मिलने से उनका आवागमन सरल हो जाएगा। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

हादसे ने छीना पैर, योजनाओं ने दिया सहारा
कामदेव साहू ने बताया कि छह वर्ष पहले एक सड़क दुर्घटना में उनका पैर काटा गया था। परिवार में कोई अन्य कमाने वाला सदस्य नहीं है और उनकी पत्नी मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करती हैं। उनके तीन बच्चे पढ़ाई कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि उन्हें महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, भूमिहीन कृषि मजदूर योजना और खाद्यान्न सहायता योजना सहित अन्य योजनाओं का लाभ मिल रहा है। पूर्व में मिली ट्राईसाइकिल वर्षों के उपयोग के बाद खराब हो गई थी। नई ट्राईसाइकिल के लिए आवेदन पर समाज कल्याण विभाग ने त्वरित कार्रवाई कर उन्हें तत्काल नई ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराई।
ट्राईसाइकिल मिलने के बाद कामदेव साहू के चेहरे पर मुस्कान लौट आई। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सुशासन में दिव्यांगजनों की आवश्यकताओं का संवेदनशीलता के साथ त्वरित समाधान किया जा रहा है, जिससे उन्हें आत्मनिर्भर जीवन जीने का संबल मिला है।

जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने कहा कि शासन का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि पात्र हितग्राहियों तक उनका समय पर लाभ पहुंचाना है। दिव्यांगजन समाज की मुख्यधारा का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और उन्हें सम्मानपूर्वक आत्मनिर्भर जीवन उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। प्रशासन प्रत्येक जरूरतमंद तक सहायता पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर समाज कल्याण विभाग की उप-संचालक मनीषा पांडेय सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे

Leave a Reply

You Missed