अमृत टुडे, दुर्ग छत्तीसगढ़
10 अगस्त 2026 । दुर्ग में अपराध नियंत्रण और नवीन आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर पुलिस अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण, वैज्ञानिक विवेचना, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य, साइबर अपराध, नशे के अवैध कारोबार और आगामी त्योहारों में कानून-व्यवस्था को लेकर थाना प्रभारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
विवरण : दुर्ग जिले में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और विवेचना की गुणवत्ता बढ़ाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने राजपत्रित अधिकारियों तथा थाना प्रभारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में नवीन आपराधिक कानूनों के अनुरूप इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य, इलेक्ट्रॉनिक विधि विज्ञान, डिजिटल विवेचना और अपराध संबंधी अभिलेखों के व्यवस्थित संधारण पर जोर दिया गया। प्रथम सूचना से अंतिम प्रतिवेदन तक सभी आवश्यक प्रविष्टियां समयबद्ध और त्रुटिरहित करने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों से कहा गया कि साठ और नब्बे दिवस की वैधानिक अवधि में विवेचना पूरी कर अभियोग पत्र प्रस्तुत करें तथा वर्ष 2024 और 2025 से लंबित मामलों का प्राथमिकता से निराकरण करें। साइबर अपराध, नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार, फरार आरोपियों और लंबित वारंटों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। आगामी त्योहारों को देखते हुए भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था, सार्वजनिक आयोजनों और ग्रामीण मार्गों पर मवेशियों से होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए पूर्व तैयारी सुनिश्चित करने कहा गया।




