अमृत टुडे जशपुर छत्तीसगढ़
17 अगस्त 2026 । सावन मास की पुण्य बेला और नागपंचमी के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गृहग्राम बगिया स्थित श्री फलेश्वरनाथ महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना की। उन्होंने अपनी धर्मपत्नी कौशल्या साय और परिवार के सदस्यों के साथ भगवान भोलेनाथ का अभिषेक कर प्रदेश की खुशहाली और निरंतर प्रगति की कामना की।

विवरण: गृहग्राम बगिया के मैनी नदी तट पर स्थित श्री फलेश्वरनाथ महादेव मंदिर में मुख्यमंत्री ने विधि-विधान से पूजा की और श्रद्धालुओं के साथ पार्थिव शिवलिंग का निर्माण भी किया। इस अवसर पर वैदिक मंत्रोच्चार और हर-हर महादेव के जयघोष से मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा।
मंदिर में 17 से 19 अगस्त तक एक लाख 11 हजार 111 पार्थिव शिवलिंग के निर्माण और पूजन का तीन दिवसीय अनुष्ठान आयोजित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सावन भगवान शिव की आराधना का विशेष समय है और यह हमें प्रकृति, लोककल्याण और सेवा का संदेश देता है। उन्होंने छत्तीसगढ़ के प्रत्येक परिवार, अन्नदाता किसानों और पूरे प्रदेश के लिए सुख, शांति और समृद्धि की मंगलकामना की।




